Rohtas News : नासरीगंज थाना क्षेत्र के पडुरी गांव में पुलिस ने छापेमारी कर KCC के तहत लिया गया 10 लाख रुपये का ऋण नहीं चुकाने के मामले में एक वारंटी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. गिरफ्तार वारंटी की पहचान पडुरी गांव निवासी केदार चौधरी के रूप में हुई है.
PNB से लिया था 10 लाख का KCC ऋण
थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने बताया कि केदार चौधरी ने पंजाब नेशनल बैंक से KCC के तहत करीब 10 लाख रुपये का ऋण लिया था. ऋण की राशि का भुगतान नहीं करने के कारण बैंक का खाता NPA हो गया. बैंक की ओर से लगातार कार्रवाई की प्रक्रिया के बाद पुलिस ने वारंटी को गिरफ्तार किया.
2010 में लिया था लोन, नोटिस के बाद भी नहीं चुकाया
PNB के शाखा प्रबंधक सत्यम कुमार ने बताया कि पडुरी निवासी केदार चौधरी ने वर्ष 2010 में बैंक से KCC ऋण लिया था. लंबे समय से ऋण की राशि जमा नहीं करने पर बैंक की ओर से कई बार नोटिस भेजा गया. इसके बावजूद ऋणी ने नोटिस पर कोई संज्ञान नहीं लिया और ऋण का भुगतान नहीं किया.
गिरफ्तारी वारंट जारी होने पर पुलिस ने की कार्रवाई
ऋण की राशि का भुगतान नहीं होने और बैंक की कार्रवाई के बाद केदार चौधरी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था. वारंट निर्गत होने के बाद नासरीगंज पुलिस ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे जेल भेज दिया गया.
बैंक ने लोनधारकों को दी चेतावनी
शाखा प्रबंधक सत्यम कुमार ने कहा कि जिन लोगों ने बैंक से ऋण लिया है और समय पर उसका भुगतान नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने ऋणधारकों से अपील की कि वे समय पर अपना लोन चुकता करें, ताकि बैंक की कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके.
