Sasaram News : प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग (पीबीएल) की पहुंच जिले के प्रत्येक स्कूल और प्रत्येक छात्र तक सुनिश्चित करनी होगी. इससे बच्चों में रचनात्मकता, समस्या समाधान की क्षमता और व्यवहारिक अधिगम का विकास होगा. हमारा लक्ष्य पीबीएल को हर छात्र तक पहुंचाना है. उक्त बातें जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, सर्व शिक्षा अभियान रजनीश कुमार उपाध्याय ने जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), सासाराम के सभागार में आयोजित कार्यशाला सह उन्मुखीकरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहीं.
उन्होंने जिले के सभी शिक्षकों तथा जिला एवं प्रखंड तकनीकी टीम के सदस्यों को शत-प्रतिशत स्कूलों में माइक्रो इम्प्रूवमेंट प्रोजेक्ट (एमआईपी) पूर्ण करने पर बधाई दी. उन्होंने कहा कि अब अगला लक्ष्य केवल परियोजनाओं को पूरा करना नहीं, बल्कि उनकी गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देना है. पीबीएल को प्रभावी ढंग से लागू कर छात्रों को सीखने की प्रक्रिया में सक्रिय रूप से जोड़ना होगा.
समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर दिया जोर
जिला शिक्षा एवं शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम के समन्वयक कृष्ण कुमार राम ने सभी शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि किसी भी परियोजना के लिए अंतिम तिथि का इंतजार करने के बजाय प्रारंभिक चरण से ही गंभीरता के साथ कार्य करना चाहिए. समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन ही जिले को बेहतर उपलब्धियों तक पहुंचाता है.
सभी स्कूलों में पीबीएल का प्रभावी क्रियान्वयन जरूरी
जिला तकनीकी टीम की सदस्य गजाला फातमा ने प्रखंड तकनीकी टीमों को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपने-अपने प्रखंड के सभी स्कूलों में पीबीएल का प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि पीबीएल केवल एक परियोजना नहीं, बल्कि बच्चों को अनुभव आधारित सीखने से जोड़ने का सशक्त माध्यम है. इसके प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी और आवश्यक सहयोग जरूरी है.
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन प्रखंडों के बीईओ सम्मानित
कार्यक्रम का आयोजन प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग (पीबीएल) और माइक्रो इम्प्रूवमेंट प्रोजेक्ट (एमआईपी) के सफल क्रियान्वयन के उपलक्ष्य में किया गया. इसमें जिले के विज्ञान एवं गणित विषय के शिक्षक, जिला एवं प्रखंड तकनीकी टीम के सदस्य तथा शिक्षा विभाग के पदाधिकारी शामिल हुए.
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तिलौथू, कोचस और नौहट्टा प्रखंड के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया. वहीं, जिले में शत-प्रतिशत सफलता प्राप्त करने के लिए सभी प्रखंड तकनीकी टीमों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया.
जिला तकनीकी टीम के सदस्यों को भी मिला सम्मान
जिला तकनीकी टीम के सदस्य गजाला फातमा, अनुराग मिश्रा, सरोज कुमार और मनोवर अख्तर को भी उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम में अधिकारी और शिक्षक रहे मौजूद
कार्यक्रम में कोचस की प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुरभि राज, नौहट्टा के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ब्रजेश कुमार, एमआईएस प्रभारी नम्रता कुमारी, एडीपीसी राजेश कुमार रावत, अरविंद कुमार, प्रभात और हर्षवर्धन सिंह सहित जिले और प्रखंडों के अनेक पदाधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे.
