Rohtas News : रोहतास जिले के सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग (PBL) और माइक्रो इंप्रूवमेंट प्रोजेक्ट (MIP) के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया है. इसी उद्देश्य से सोमवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), सासाराम में जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों की एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई.
PBL से बढ़ेगी छात्रों की रचनात्मक क्षमता
कार्यक्रम पदाधिकारी समग्र शिक्षा रजनीश कुमार उपाध्याय ने कहा कि प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग छात्रों में रचनात्मकता, नवाचार, सहयोगात्मक अधिगम और समस्या-समाधान की क्षमता विकसित करने का प्रभावी माध्यम है. उन्होंने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों और तकनीकी टीमों को निर्देश दिया कि माइक्रो इंप्रूवमेंट प्रोजेक्ट (MIP) का कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण और साक्ष्य आधारित तरीके से पूरा कराया जाए. उन्होंने जिले को बेहतर प्रदर्शन की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए समन्वित प्रयास करने की अपील की.
साक्ष्य आधारित MIP पर दिया गया प्रशिक्षण
कार्यशाला में राज्य स्तरीय मुख्य प्रशिक्षक गजाला फातिमा ने MIP के प्रभावी क्रियान्वयन, गतिविधियों के दस्तावेजीकरण और साक्ष्य आधारित रिपोर्टिंग पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया. उन्होंने कहा कि प्रत्येक गतिविधि का गुणवत्तापूर्ण निष्पादन और उसका प्रमाणिक रिकॉर्ड ही प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग की सफलता का आधार है. सभी प्रखंडों को तय समय में 100 प्रतिशत MIP पूरा करने का लक्ष्य दिया गया.
तकनीकी टीम ने साझा किए क्रियान्वयन के तरीके
जिला तकनीकी टीम के सदस्य अनुराग मिश्रा ने प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग के तकनीकी पहलुओं, MIP के गुणवत्तापूर्ण निष्पादन और रिपोर्टिंग प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी दी. वहीं जिला शिक्षा शिक्षक समन्वयक कृष्ण कुमार राम ने विद्यालय स्तर पर नियमित अनुश्रवण, बेहतर समन्वय और सतत सहयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया.
सभी प्रखंडों ने लिया गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन का संकल्प
कार्यशाला के सफल संचालन में जिला तकनीकी टीम के सदस्य मुनव्वर अख्तर, हिमांशु कुमार सिंह और सरोज कुमार की सक्रिय भूमिका रही. क्वालिटी कोऑर्डिनेटर प्रभात कुमार भी मौजूद रहे. कार्यशाला में शामिल सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों और तकनीकी टीम के सदस्यों ने अपने-अपने प्रखंडों में प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग को प्रभावी ढंग से लागू करने और शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण MIP पूरा करने का संकल्प लिया.
