Sasaram Karghar CHC Negligence : रोहतास जिले के करगहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में स्वास्थ्य व्यवस्था की बड़ी लापरवाही सामने आई है. नशे की हालत में लाए गए एक मरीज को अस्पताल कर्मियों ने घंटों जमीन पर पड़ा रहने दिया. सफाईकर्मियों की उदासीनता के कारण मरीज को समय पर बिस्तर तक नहीं मिल सका, जबकि अस्पताल में सफाई व्यवस्था पर हर महीने हजारों रुपये खर्च किए जाते हैं.
Sasaram News : सफाईकर्मियों की लापरवाही से मरीज को झेलनी पड़ी परेशानी
रविवार देर शाम बक्सर जिले के राजपुर प्रखंड के सिसवार गांव निवासी राजू राम अपने एक रिश्तेदार के यहां करगहर आया था. इसी दौरान पुलिस की डायल-112 टीम ने उसे करगहर-धर्मपुरा मार्ग स्थित पेट्रोल पंप के पास नशे की हालत में बेसुध पाया और इलाज के लिए करगहर सीएचसी पहुंचाया. पुलिस मरीज को अस्पताल में छोड़कर चली गई, लेकिन अस्पताल कर्मियों ने उसे तुरंत वार्ड में भर्ती करने के बजाय घंटों जमीन पर ही पड़े रहने दिया.
गंदे कपड़ों के कारण मरीज से दूरी बनाते रहे कर्मचारी
बताया गया कि मरीज ने उल्टी कर दी थी, जिससे उसके कपड़े और शरीर गंदे हो गए थे. दुर्गंध के कारण अस्पताल के सफाईकर्मी उसके पास जाने से भी बचते रहे. हालांकि ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने मास्क पहनकर मरीज का इलाज शुरू किया, लेकिन सफाई व्यवस्था पूरी तरह नदारद रही.
सफाईकर्मी ने स्टाफ की कमी बताई
अस्पताल में मौजूद एक महिला सफाईकर्मी ने बताया कि अस्पताल में कई सफाईकर्मी तैनात हैं, लेकिन शाम होते ही अधिकांश कर्मचारी घर चले जाते हैं. उसने कहा कि उसकी ड्यूटी वार्ड में थी और अकेले इमरजेंसी तथा वार्ड दोनों की जिम्मेदारी निभाना संभव नहीं था.
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने दिए कार्रवाई के संकेत
मामले को गंभीर बताते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रविकांत ने कहा कि इमरजेंसी ड्यूटी के दौरान सफाई व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने बताया कि ड्यूटी पर तैनात सफाईकर्मी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो.
