सूर्यपुरा (रोहतास): ढाई करोड़ रुपये की लागत से अलीगंज में बन रहे पंचायत सरकार भवन बलिहार की निर्माण गुणवत्ता पर पहली ही बरसात में गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. छत की ढलाई में दरार (क्रैक) आने के बाद उसके ऊपर ईंट सोलिंग कराने की तैयारी चल रही थी, जिसे देखकर स्थानीय ग्रामीण आक्रोशित हो गए. ग्रामीणों ने घटिया निर्माण का आरोप लगाते हुए काम रुकवा दिया और मौके पर जमकर हंगामा किया. ग्रामीणों का कहना था कि जब करोड़ों रुपये खर्च हो रहे हैं, तो गुणवत्ता की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
खबर छपते ही अगले दिन पहुंचे अधिकारी
मामला प्रकाश में आते ही प्रशासन तत्काल हरकत में आया. बिक्रमगंज एसडीओ दिलीप कुमार अधिकारियों की टीम के साथ अलीगंज स्थित निर्माण स्थल पर जांच के लिए पहुंचे. निरीक्षण के दौरान भवन की छत, दीवार और निर्माण सामग्री की बारीकी से जांच की गई. भवन के आगे बायीं तरफ की दीवार में भी दरार पाई गई, वहीं बालू-सीमेंट के मिश्रण की खराब गुणवत्ता पर एसडीओ ने कड़ी नाराजगी जताई. कार्य में गंभीर लापरवाही मिलने पर उन्होंने कनीय अभियंता (जेई) सरोज कुमार को जमकर फटकार लगाई.
20 अक्टूबर तक भवन हैंडओवर का अल्टीमेटम
एसडीओ ने जेई और संवेदक को सभी तकनीकी खामियों को तुरंत दुरुस्त कर 20 अक्टूबर तक पंचायत सरकार भवन प्रशासन को सौंपने का सख्त निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी निर्माण में गुणवत्ता से किसी स्तर पर समझौता नहीं होगा और घटिया सामग्री के इस्तेमाल की जांच कर दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. मौके पर बीडीओ तेज बहादुर सुमन, एलईओ प्रकाश त्रिपाठी, जेई सरोज कुमार, मुखिया रणजीत सिंह उर्फ पिंटू सिंह सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे.
Also Read: रोहतास: नासरीगंज में अवैध क्लिनिक सील, जांच के बाद संचालकों में हड़कंप
