रोहतास में TB मरीजों को मिला फूड बास्केट, डॉक्टर बोले- दवा के साथ पौष्टिक आहार से ही मिलेगी बीमारी पर जीत

रोहतास जिले के बिक्रमगंज अस्पताल में टीबी मरीजों को फूड बास्केट वितरित किए गए. चिकित्सकों ने संतुलित और पौष्टिक आहार को टीबी के सफल उपचार की कुंजी बताया है. 'टीबी हारेगा, देश जीतेगा' अभियान के तहत 2026 तक देश को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य है.

TB Food Basket Distribution Rohtas : रोहतास जिले के बिक्रमगंज अनुमंडलीय अस्पताल में सोमवार को टीवी मुक्त भारत अभियान के तहत टीबी मरीजों के बीच फूड बास्केट का वितरण किया गया. इस दौरान चिकित्सकों ने कहा कि नियमित दवा के साथ संतुलित एवं पौष्टिक आहार ही टीबी के सफल उपचार की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है.

Rohtas News : पौष्टिक भोजन से बढ़ती है रोग प्रतिरोधक क्षमता

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अमिताभ ने कहा कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी से लड़ने के लिए केवल दवा पर्याप्त नहीं है. यदि मरीज नियमित रूप से दवा लेने के साथ चिकित्सकीय सलाह के अनुसार पौष्टिक और संतुलित भोजन का सेवन करें तो बीमारी से पूरी तरह स्वस्थ होना संभव है. उन्होंने मरीजों से इलाज बीच में नहीं छोड़ने और किसी भी समस्या पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की अपील की.

2026 तक टीबी मुक्त भारत बनाने का लक्ष्य

प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक अशोक कुमार ने बताया कि 'टीबी हारेगा, देश जीतेगा' अभियान के तहत भारत सरकार ने वर्ष 2026 तक देश को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा है. उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ समाज की भागीदारी भी जरूरी है. मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराने से उनका मनोबल और रोग प्रतिरोधक क्षमता दोनों बढ़ती हैं.

मरीजों के बीच बांटी गई फूड बास्केट

कार्यक्रम के दौरान चयनित टीबी मरीजों को फूड बास्केट वितरित की गई. इस पहल का उद्देश्य उपचार के दौरान मरीजों को आवश्यक पोषण उपलब्ध कराना और उन्हें स्वस्थ जीवन के लिए प्रेरित करना है.

स्वास्थ्यकर्मियों ने दिलाया जागरूकता का संकल्प

कार्यक्रम में अस्पताल प्रबंधक शबनम कुमारी, प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक अनीश नारायण समेत चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे. सभी ने टीबी उन्मूलन के लिए जनजागरूकता बढ़ाने तथा मरीजों को नियमित उपचार और पौष्टिक आहार के प्रति प्रेरित करने का संकल्प लिया.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Vivek Singh

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >