रोहतास: नोखा की 4 पंचायतों में कल लगेगा जनकल्याण शिविर, एक ही जगह मिलेंगी राशन कार्ड, पेंशन, आवास समेत कई सरकारी सेवाएं

रोहतास जिले के नोखा प्रखंड की चार पंचायतों में जनकल्याण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।

Rohtas News : रोहतास जिले के नोखा प्रखंड की चार पंचायतों में मंगलवार को जनकल्याण शिविर का आयोजन किया जाएगा. कुरी, सोतवा, छतौना और नोनसारी पंचायत सरकार भवन में लगने वाले इस शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी आम लोगों की समस्याओं का समाधान करेंगे और सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन भी स्वीकार करेंगे.

एक ही जगह मिलेंगी कई सरकारी सेवाएं

जनकल्याण शिविर में सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, आय, जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा, बिजली, पेयजल, श्रम, आपूर्ति, राजस्व समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. पात्र लाभुकों के आवेदन भी मौके पर स्वीकार किए जाएंगे.

डीडीसी करेंगे शिविर का निरीक्षण

उप विकास आयुक्त विजय कुमार पांडेय शिविर में पहुंचकर विभिन्न विभागों की ओर से संचालित योजनाओं और सेवाओं का जायजा लेंगे. इस दौरान वे लाभुकों से सीधे संवाद करेंगे, उनकी समस्याएं सुनेंगे और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश देंगे.

सभी तैयारियां पूरी, लोगों से पहुंचने की अपील

प्रखंड विकास पदाधिकारी शेफाली ने बताया कि जनकल्याण शिविर के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मियों की प्रतिनियुक्ति कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं.

दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचें लाभुक

बीडीओ ने लोगों से अपील की है कि वे अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित पंचायत सरकार भवन में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं और अपनी समस्याओं का समाधान कराएं. प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और आसान तरीके से पहुंचाना है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Vivek Singh

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >