प्रतिनिधि, नोखा. ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत गुरुवार को नोखा नहर डग स्थित शिव मंदिर के नहर घाट पर नगर प्रशासन की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान घाट परिसर में 1100 दीये जलाकर स्वच्छता और सेवा का संदेश दिया गया. दीयों की रोशनी से घाट परिसर जगमगा उठा.
स्वच्छ शहर बनाने का लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद के सभापति राधेश्याम सिंह समेत नगर प्रशासन के अधिकारियों और कर्मियों ने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का संकल्प लिया. कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया.
सभापति ने कहा, हर नागरिक की जिम्मेदारी है स्वच्छता
नगर परिषद के सभापति राधेश्याम सिंह ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है. मंदिर, घाट, बाजार सहित सभी सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने के लिए लोगों की सहभागिता जरूरी है.
गीले और सूखे कचरे को अलग रखने की अपील
कार्यक्रम में लोगों से खुले में कचरा नहीं फेंकने की अपील की गई. लोगों से गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग निर्धारित स्थान पर डालने को कहा गया. सभापति ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलने से वातावरण दूषित होने के साथ श्रद्धालुओं और आम लोगों को भी परेशानी होती है.
नहर घाट और आसपास चलाया गया जागरूकता अभियान
नगर प्रशासन की टीम ने नहर घाट और आसपास के इलाकों में लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया. अधिकारियों और कर्मियों ने नियमित साफ-सफाई तथा कचरे के उचित निस्तारण की जरूरत बताई. लोगों से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की गई.
अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने लिया संकल्प
कार्यक्रम में नगर प्रशासन के प्रधान लिपिक संजय कुमार, नगर परिषद के ब्रांड एंबेसडर राजेंद्र सिंह, पार्षद सुनीता गुप्ता, जेई अमित कुमार, अंकुर गगन, टैक्स दरोगा सत्यनारायण प्रसाद, सचिता चौधरी और नहर डग शिव मंदिर कमेटी के अध्यक्ष पप्पू सिंह समेत पदाधिकारी, कर्मी और स्थानीय लोग मौजूद रहे. सभी ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया.
