Rohtas News : नगर परिषद नोखा के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई अहम मुद्दों पर सोमवार को होने वाली सामान्य बोर्ड की बैठक में चर्चा होगी. नगर परिषद कार्यालय के सभाकक्ष में दोपहर 12 बजे आयोजित बैठक की अध्यक्षता सभापति राधेश्याम सिंह करेंगे. बैठक में कई प्रस्तावों पर विचार-विमर्श के बाद महत्वपूर्ण निर्णय लिये जाने की संभावना है.
कर्मियों के अवधि विस्तार पर बोर्ड लेगा फैसला
बैठक की शुरुआत गत बैठक की कार्यवाही की संपुष्टि से होगी. इसके बाद नगर परिषद में कार्यरत कर्मियों के अवधि विस्तार समेत अन्य प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी. कर्मियों के कार्यकाल को लेकर बोर्ड की सहमति के बाद आगे की प्रक्रिया तय की जा सकती है.
बस स्टैंड के सार्वजनिक शौचालय का एकरारनामा भी एजेंडे में
बस स्टैंड स्थित सार्वजनिक शौचालय का एकरारनामा बैठक के प्रमुख मुद्दों में शामिल है. इसके एकरारनामा की अवधि और सुरक्षित राशि के निर्धारण को लेकर बोर्ड के सदस्य मंथन करेंगे. सार्वजनिक सुविधा से जुड़े इस प्रस्ताव पर होने वाले निर्णय का सीधा असर शहर की व्यवस्था पर पड़ सकता है.
नल-जल योजना के प्राक्कलन को मिल सकती है मंजूरी
शहर की पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने से जुड़े नल-जल योजना के प्राप्त प्राक्कलन को प्रशासनिक स्वीकृति देने के प्रस्ताव पर भी विचार किया जाएगा. बोर्ड की सहमति मिलने के बाद योजना को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया का रास्ता साफ हो सकता है.
जनहित के अन्य मुद्दों पर भी होगी चर्चा
बैठक में अध्यक्ष की अनुमति से अन्य आवश्यक और जनहित से जुड़े मामलों को भी चर्चा के लिए शामिल किया जा सकता है. नगर परिषद की इस बैठक पर शहरवासियों की नजर रहेगी, क्योंकि कर्मियों के कार्यकाल से लेकर सार्वजनिक सुविधाओं और पेयजल व्यवस्था तक कई महत्वपूर्ण मुद्दे एजेंडे में हैं.
कई विभागों के अधिकारी रहेंगे मौजूद
बैठक में नगर परिषद के पदाधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों के अभियंता और अधिकारी भी शामिल होंगे. इनमें बीडीओ, सीओ, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, सिटी मैनेजर, टाउन प्लानर, स्वच्छता पदाधिकारी, जेई समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहेंगे.
