शिवसागर-चेनारी मुख्य सड़क पर कीचड़ का साम्राज्य, राहगीरों का चलना हुआ मुश्किल

sasaram news : लोगों का कहना है कि सड़क किनारे जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण थोड़ी सी बारिश में भी पानी और कीचड़ जमा हो जाता है.

sasaram news : (सुजीत कुमार की रिपोर्ट) शिवसागर-चेनारी मुख्य सड़क की बदहाल स्थिति एक बार फिर उजागर हो गई है. मंगलवार को हुई हल्की बारिश के बाद ही शिवसागर बाजार स्थित मुख्य सड़क पर कीचड़ और जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

सड़क किनारे जमा कीचड़ के कारण पैदल चलना मुश्किल हो गया है, जबकि दोपहिया वाहन चालक फिसलन के डर से सावधानीपूर्वक आवागमन करने को मजबूर हैं. शिवसागर बाजार की यह मुख्य सड़क प्रखंड मुख्यालय को चेनारी समेत कई गांवों और कस्बों से जोड़ती है. प्रतिदिन हजारों लोग इसी मार्ग से होकर गुजरते हैं.

जलनिकासी व्यवस्था नहीं, हल्की बारिश में लग जाता है पानी

बाजार, बैंक, अस्पताल, स्कूल तथा विभिन्न सरकारी कार्यालयों में आने-जाने वाले लोगों को सड़क की बदहाली के कारण कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण थोड़ी सी बारिश में भी पानी और कीचड़ जमा हो जाता है.

स्थानीय दुकानदारों के अनुसार सड़क की यह समस्या कोई नई नहीं है. कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल सका है. बारिश के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है. सड़क पर कीचड़ फैल जाने से ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित होती है, जिससे व्यापार पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है.

सड़क की मरम्मत व जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग

राहगीरों का कहना है कि सड़क पर जमा कीचड़ और उबड़-खाबड़ स्थिति के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है.

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने तथा जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो मानसून के दौरान हालात और भी भयावह हो सकते हैं. लोगों ने सड़क को जल्द से जल्द आवागमन योग्य बनाने की मांग की है.

Also Read :रोहतास में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट, 45 डिग्री तक पहुंचेगा पारा, लू को लेकर रहें सावधान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >