Rohtas News : रोहतास जिले के पीएम श्री स्कूलों में अध्ययनरत दिव्यांग छात्र-छात्राओं के लिए जल्द ही मेडिकल असेसमेंट कैंप आयोजित किए जाएंगे. बिहार शिक्षा परियोजना परिषद ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत जिले के सभी पीएम श्री स्कूलों में अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों के मूल्यांकन-सह-जांच शिविर आयोजित कराने का निर्देश जारी किया है. राज्य परियोजना निदेशक नवीन कुमार के निर्देश के आलोक में जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा) को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है.
दिव्यांगता का होगा आकलन, मिलेगी जरूरी सुविधाएं
मेडिकल असेसमेंट कैंप का उद्देश्य दिव्यांग छात्र-छात्राओं की पहचान करना, उनकी दिव्यांगता का वैज्ञानिक आकलन करना तथा आवश्यकता के अनुसार उन्हें दिव्यांगता प्रमाणपत्र और सहायक उपकरणों से जोड़ना है. इसके माध्यम से बच्चों की जरूरतों के अनुरूप शैक्षणिक एवं पुनर्वास संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.
जिला, अनुमंडल या प्रखंड स्तर पर लगेंगे शिविर
निर्देश के अनुसार शिविर का आयोजन जिला, अनुमंडल अथवा प्रखंड स्तर पर किया जाएगा. कैंप में समावेशी शिक्षा से जुड़े पुनर्वास विशेषज्ञों के साथ जिला अस्पताल अथवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अधिकृत मेडिकल बोर्ड की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि दिव्यांग बच्चों का सही मूल्यांकन किया जा सके.
सहायक उपकरणों की जरूरत का भी होगा आकलन
बिहार शिक्षा परियोजना परिषद ने विद्यालयवार एवं दिव्यांगतावार सूची तैयार करने का निर्देश दिया है. साथ ही जिन बच्चों को व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, कैलिपर या अन्य सहायक उपकरणों की आवश्यकता है, उनका अलग से विवरण तैयार कर राज्य कार्यालय को भेजा जाएगा, ताकि उन्हें समय पर आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा सकें.
प्रधानाध्यापकों को अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश
परिषद ने सभी पीएम श्री स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को शिविर की पूर्व सूचना देकर अधिक से अधिक दिव्यांग छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. शिक्षा विभाग का मानना है कि इस पहल से दिव्यांग बच्चों को समय पर आवश्यक सहायता मिलेगी और समावेशी शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा.
