Rohtas News : रोहतास जिले के चेनारी प्रखंड में मल्हीपुर से बादलगढ़ जाने वाली ग्रामीण सड़क लगातार बारिश के कारण बदहाल हो गई है. कई स्थानों पर घुटने भर पानी जमा होने से सड़क के गहरे गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे हैं, जिससे ऑटो, ई-रिक्शा, बाइक और अन्य वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं. सावन में गुप्ता धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के बीच सड़क की स्थिति लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है.
जलजमाव से सड़क बनी हादसों का कारण
लगातार बारिश के चलते सड़क पर कई जगह जलजमाव हो गया है. पानी में गड्ढे छिप जाने के कारण वाहन चालकों को रास्ते का अंदाजा नहीं लग पाता. नतीजतन ऑटो और ई-रिक्शा आए दिन पलट रहे हैं, जबकि चारपहिया वाहन और मोटरसाइकिल भी पानी में फंस रहे हैं.
श्रद्धालुओं और पर्यटकों को हो रही परेशानी
मल्हीपुर-बादलगढ़ मार्ग गुप्ता धाम और दुर्गावती जलाशय परियोजना तक पहुंचने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है. प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु, पर्यटक और स्थानीय लोग इसी सड़क से आवागमन करते हैं. सावन शुरू होने के बाद बाबा भोले के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से समस्या और गंभीर हो गई है.
ग्रामीणों ने सड़क मरम्मत की उठाई मांग
स्थानीय निवासी संजय सिंह ने बताया कि सड़क कई स्थानों पर पूरी तरह जर्जर हो चुकी है. बारिश के बाद घुटने भर पानी भर जाने से गड्ढे दिखाई नहीं देते और आए दिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं. वहीं श्रीराम सिंह यादव ने कहा कि यह क्षेत्र का महत्वपूर्ण मार्ग है, इसलिए श्रद्धालुओं और आम लोगों की सुरक्षा को देखते हुए जल्द सड़क की मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था की जानी चाहिए.
बीडीओ ने निरीक्षण और कार्रवाई का दिया निर्देश
प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रियंका कुमारी ने बताया कि सड़क पर जलजमाव और गड्ढों की जानकारी मिली है. संबंधित विभाग और अधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जल्द आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि सावन के दौरान आवागमन सुरक्षित और सुगम बनाया जा सके.
