Sasaram News : शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय की कक्षा छह में नामांकन हेतु आयोजित होने वाली जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (जेएनवीएसटी-2027) के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है. जिले के मूल निवासी तथा वर्तमान में किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा पांचवीं में अध्ययनरत पात्र छात्र-छात्राएं निर्धारित शर्तों के अनुसार आवेदन कर सकते हैं. चयन परीक्षा का आयोजन 28 नवंबर 2026 को होगा, जबकि ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है.
मेधावी छात्रों तक पहुंचे जानकारी : डीएम
जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने बताया कि नवोदय विद्यालय समिति, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशों के आलोक में अधिक से अधिक पात्र एवं मेधावी छात्र-छात्राओं तक आवेदन प्रक्रिया की जानकारी पहुंचाना जरूरी है, ताकि कोई भी योग्य अभ्यर्थी आवेदन से वंचित न रहे. उन्होंने कहा कि जवाहर नवोदय विद्यालय ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराने वाला प्रतिष्ठित संस्थान है, जहां शैक्षणिक, बौद्धिक एवं व्यक्तित्व विकास के लिए बेहतर वातावरण मिलता है.
व्यापक प्रचार-प्रसार के दिए निर्देश
जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदन प्रक्रिया और चयन परीक्षा का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. उन्होंने विद्यालयों, पंचायतों एवं अन्य सरकारी माध्यमों से पात्र छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों तक समय पर सूचना पहुंचाने को कहा है. साथ ही जवाहर नवोदय विद्यालय, रोहतास के प्राचार्य को जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर पंजीकरण अभियान को सफल बनाने और अधिक से अधिक योग्य छात्रों का आवेदन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.
ऑनलाइन करें आवेदन
आवेदन से संबंधित पात्रता, दिशा-निर्देश एवं अन्य नियम-शर्तें प्रॉस्पेक्टस में उपलब्ध हैं. इच्छुक अभ्यर्थी 31 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. जिला प्रशासन ने सभी पात्र छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों से समय-सीमा के भीतर आवेदन कर 28 नवंबर 2026 को आयोजित चयन परीक्षा में शामिल होने की अपील की है.
