Sasaram News : शिवसागर प्रखंड के गिरधरिया गांव स्थित रोझई बधार में झूल रहे हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से एक नीलगाय की मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए.
जानकारी के अनुसार बधार से गुजर रही 11 हजार वोल्ट विद्युत लाइन का तार काफी नीचे झूल रहा था. सोमवार को भोजन की तलाश में भटक रही एक नीलगाय अनजाने में विद्युत प्रवाहित तार के संपर्क में आ गई. तेज करंट लगने से वह मौके पर ही गिर पड़ी और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई.
ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी
घर लौट रहे राहगीरों की नजर मृत नीलगाय पर पड़ी, जिसके बाद घटना की सूचना ग्रामीणों को दी गई. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवाजाही करते हैं.
समहुता गांव निवासी गौतम कुमार ने घटना की सूचना तत्काल बिजली विभाग को दी. सूचना मिलने के बाद विभागीय कर्मियों को मौके पर भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई.
लंबे समय से नीचे झूल रहा हाईटेंशन तार
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि विद्युत लाइन लंबे समय से असुरक्षित स्थिति में थी और तार नीचे झूल रहे थे, लेकिन विभाग द्वारा इसकी मरम्मत नहीं कराई गई. ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह की लापरवाही वन्य जीवों के साथ-साथ आम लोगों की जान के लिए भी खतरा बन सकती है.
तार दुरुस्त करने की मांग
ग्रामीणों ने पूरे क्षेत्र में बिजली संरचना की जांच कराने, झूलते तारों को तत्काल दुरुस्त करने और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है. घटना के बाद लोगों में विभागीय लापरवाही को लेकर रोष देखा गया और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठी.
