Sasaram News : लगातार बारिश के कारण बंद किया गया गुप्ता धाम जाने वाला मार्ग अब श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है. मार्ग खुलने की जानकारी वन विभाग के अधिकारियों ने दी है. पिछले दिनों हुई मूसलाधार बारिश के कारण कैमूर पहाड़ी क्षेत्र में स्थित झरनों और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया था. तेज बहाव को देखते हुए वन विभाग ने सुरक्षा के मद्देनजर गुप्ता धाम मार्ग को अगले आदेश तक बंद कर दिया था.
बारिश थमने के बाद जलप्रवाह हुआ कम
वन विभाग के वन उप परिसर सुगीखोह एवं फुलवरिया, चेनारी के प्रभारी भीम कुमार ने बताया कि बारिश की स्थिति में सुधार होने के साथ पहाड़ी क्षेत्र के झरनों और नदी-नालों का जलप्रवाह भी काफी कम हुआ है. स्थिति का जायजा लेने के बाद मार्ग पर आवागमन पुन: शुरू करने का निर्णय लिया गया. मार्ग खुलने के बाद गुप्ता धाम जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को राहत मिली है.
पहाड़ी क्षेत्र में अचानक बढ़ जाता है पानी
गुप्ता धाम जाने वाला मार्ग कैमूर पहाड़ी के दुर्गम क्षेत्र से होकर गुजरता है. रास्ते में कई स्थानों पर पहाड़ी झरने और नदी-नाले पड़ते हैं. बारिश के दौरान इन जलस्रोतों में अचानक पानी बढ़ जाने से आवागमन खतरनाक हो जाता है. इसी खतरे को देखते हुए वन विभाग ने एहतियात के तौर पर मार्ग को बंद किया था.
Also Read : सासाराम: कोचस में लहेरी पैक्स चुनाव सोमवार को, 1155 मतदाताओं के लिए बने 2 मतदान केंद्र
तेज बहाव वाले स्थानों पर नहीं रुकने की अपील
मार्ग खुलने के बावजूद वन विभाग ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से सावधानी बरतने की अपील की है. अधिकारियों का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्र में मौसम कभी भी बदल सकता है और अचानक बारिश होने पर झरनों एवं नदियों का जलस्तर फिर बढ़ सकता है. ऐसे में लोगों को तेज बहाव वाले स्थानों पर रुकने या नदी-झरना पार करने का प्रयास नहीं करना चाहिए.
Also Read : रोहतास डीएम ने 46 शिक्षकों को किया सम्मानित, प्रधानाध्यापक जगजीवन राम को भी मिला प्रशस्ति पत्र
भारी बारिश हुई तो फिर लग सकता है प्रतिबंध
वन विभाग की ओर से मार्ग की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. यदि दोबारा भारी बारिश होती है और झरनों या नदियों का बहाव खतरनाक स्तर तक पहुंचता है, तो सुरक्षा के मद्देनजर मार्ग पर फिर से प्रतिबंध लगाया जा सकता है. विभाग ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से मौसम की स्थिति को देखते हुए यात्रा करने तथा विभागीय निर्देशों का पालन करने की अपील की है.
मार्ग खुलने की खबर से श्रद्धालुओं में खुशी
गुप्ता धाम मार्ग खुलने की जानकारी मिलने के बाद श्रद्धालुओं में खुशी है. धार्मिक आस्था के कारण बड़ी संख्या में लोग गुप्ता धाम पहुंचते हैं. वन विभाग ने लोगों से प्रकृति का आनंद लेते हुए सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है. विभाग ने विशेष रूप से झरनों और नदी-नालों के तेज बहाव वाले हिस्सों में जाने या पानी पार करने से बचने को कहा है. साथ ही, रास्ते में दोबारा तेज बारिश शुरू होने या जलस्तर बढ़ने की स्थिति में तत्काल विभागीय निर्देशों का पालन करने की अपील की गयी है.
Also Read : सासाराम: 11वीं त्रैमासिक एग्जाम का शेड्यूल जारी, 19 से 27 सितंबर तक होंगी परीक्षाएं
