Sasaram News : काराकाट नगर पंचायत काराकाट के मुख्य बाजार गोड़ारी में पिंक शौचालय निर्माण को लेकर बड़ी बाधा दूर हो गई है. नगर प्रशासन की मांग पर अंचल कार्यालय काराकाट से शौचालय निर्माण के लिए एनओसी मिल गया है. इसके बाद अब निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद तेज हो गई है.
गौरतलब है कि गोड़ारी बाजार में अब तक एक भी सार्वजनिक शौचालय नहीं होने के कारण महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था. प्रखंड मुख्यालय आने वाली महिलाओं के साथ-साथ टाटा, रांची, बोकारो सहित अन्य स्थानों से आने-जाने वाली महिला यात्रियों को भी असुविधा झेलनी पड़ती थी.
नगर पंचायत के गठन के चार वर्ष बाद अब लोगों को उम्मीद जगी है कि पिंक शौचालय निर्माण से महिलाओं की इस बड़ी समस्या का समाधान हो सकेगा. जानकारी के अनुसार गोड़ारी बाजार स्थित बस स्टैंड के समीप भूमि का चयन कर एनओसी प्रदान किया गया है. नगर प्रशासन द्वारा निर्माण के लिए प्रस्ताव भी भेजा जा चुका है, जबकि पिंक शौचालय का निर्माण जिला स्तर पर कराया जाता है.
क्या कहते हैं जनप्रतिनिधि व सामाजिक कार्यकर्ता
उपमुख्य पार्षद रवीश रंजन ने कहा कि दूर-दराज से आने वाली महिलाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. पिंक शौचालय बनने से स्वच्छता में सुधार होगा और महिलाओं को राहत मिलेगी.
मुख्य पार्षद राधिका कुमारी ने कहा कि गोड़ारी में ही प्रखंड मुख्यालय और नगर पंचायत कार्यालय संचालित है. ऐसे में यहां शौचालय का अभाव महिलाओं के लिए बड़ी समस्या थी. पिंक शौचालय बनने से उन्हें काफी सुविधा मिलेगी.
सामाजिक कार्यकर्ता व दुर्गा पूजा समिति गोड़ारी के कोषाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि वर्षों से शौचालय निर्माण की मांग सांसद और विधायक से की जा रही थी, लेकिन अब तक निर्माण नहीं हो सका था. एनओसी मिलने के बाद लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा.
दुर्गा पूजा समिति गोड़ारी के अध्यक्ष विशाल भारती ने कहा कि पिंक शौचालय बनने से बाजार की महिलाओं की एक बड़ी समस्या का समाधान होगा. उन्होंने नगर प्रशासन से अपील की कि निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने के लिए जिला स्तर पर पहल तेज की जाए.
