सुनील ज्वाला जिला क्रिकेट लीग में साई क्रिकेट अकादमी की पहली जीत

रोहित पांडेय की घातक गेंदबाजी, एलीट इलेवन को तीन विकेट से हराया

सासाराम ऑफिस. एसपी जैन कॉलेज, सासाराम के ग्राउंड में रोहतास जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित सुनील ज्वाला जिला क्रिकेट लीग के ए डिवीजन का दूसरा मुकाबला सांई क्रिकेट अकादमी और एलीट इलेवन के बीच खेला गया. रोमांचक मुकाबले में सांई क्रिकेट अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एलिट इलेवन को तीन विकेट से हराकर लीग में अपनी पहली जीत दर्ज की. मैच में टॉस जीतकर सांई क्रिकेट अकादमी ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया. पहले बल्लेबाजी करने उतरी एलीट इलेवन की टीम 30 ओवर के निर्धारित मैच में 23.2 ओवर में 10 विकेट खोकर 136 रन पर ऑलआउट हो गयी. एलीट इलेवन की ओर से आर्यन जायसवाल ने 28 गेंदों पर 23 रन बनाये, जबकि अनिमेष दुबे ने मात्र 11 गेंदों पर 24 रन की तेज पारी खेली. इसके अलावा चुनु तिवारी ने 13 रन और निर्भय ने 12 रन का योगदान दिया, लेकिन अन्य बल्लेबाज साई क्रिकेट अकादमी के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सके. साई क्रिकेट अकादमी की गेंदबाजी इस मुकाबले की सबसे बड़ी ताकत साबित हुई. रोहित पांडेय ने घातक गेंदबाजी करते हुए पांच ओवर में 35 रन देकर 6 विकेट झटके और एलीट इलेवन की कमर तोड़ दी. वहीं आयुष, पुनीत और हर्षित ने 1-1 विकेट लेकर उनका अच्छा साथ निभाया. लक्ष्य का पीछा करने उतरी साई क्रिकेट अकादमी की टीम ने 20 ओवर में सात विकेट खोकर 136 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया. बल्लेबाजी में संत सिंह ने 41 गेंदों पर 31 रन की अहम पारी खेली. पंकज मिश्रा ने 20 गेंदों पर 26 रन और परामर्श तिवारी ने 22 गेंदों पर 19 रन बनाकर टीम को जीत की ओर पहुंचाया. एलीट इलेवन की ओर से राजीव और बाबूधन ने 2-2 विकेट लिए, जबकि शुभ और साहिल को 1-1 विकेट मिला. इस तरह साई क्रिकेट अकादमी ने एलीट इलेवन को 3 विकेट से पराजित कर लीग में विजयी आगाज किया. शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए रोहित पांडेय को मैन ऑफ द मैच चुना गया. उन्होंने 12 गेंदों पर 11 रन बनाने के साथ 5-0-35-6 का बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन किया. मैच के दौरान रोहतास जिला क्रिकेट संघ के सचिव सरोज कुमार उर्फ मंटू यादव, कोषाध्यक्ष रोहन कुमार मिश्रा, चयनकर्ता अर्जुन कुमार, संतोष कुमार, इमरान करीम, शिवम कुमार, संजू बाबा सहित कई खेल प्रेमी मौजूद रहे. अंपायर की भूमिका मृत्युंजय कुमार और राकेश कुमार ने निभाई, जबकि स्कोरर के रूप में कुंदन कुमार का योगदान सराहनीय रहा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANCHDEV KUMAR

PANCHDEV KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >