Sasaram News : रोहतास के जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने गुरुवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जनता दरबार आयोजित कर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं. जनता दरबार में कुल 14 आवेदन प्राप्त हुए. डीएम ने सभी मामलों की गंभीरता से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित जांच और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
जान-माल की सुरक्षा के मामले में एसपी को दिए निर्देश
नटवार थाना क्षेत्र के तेनुआज गांव निवासी अमित राय उर्फ अमित कुमार ने सत्यप्रकाश राय से जान-माल के खतरे की आशंका जताते हुए पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की. मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पदाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
भूमि विवाद के मामलों की जांच का आदेश
नोखा प्रखंड के सिसिरता गांव निवासी सुनीता देवी ने अपनी निजी भूमि में जबरन करहा खोदे जाने की शिकायत दर्ज करायी. इस मामले में डीएम ने अंचलाधिकारी, नोखा को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया. वहीं सासाराम थाना क्षेत्र के करूप (इंद्रहियां) निवासी प्रेमनाथ तिवारी ने भूमि विवाद से संबंधित आवेदन दिया, जिस पर अनुमंडल पदाधिकारी, सासाराम को शीघ्र जांच कर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश
जनता दरबार में प्राप्त अन्य सभी आवेदनों को भी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को भेजते हुए जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
