Rohtas CMR Supply Review : रोहतास के डीएम दीपक कुमार मिश्रा ने गुरुवार देर शाम सीएमआर (कस्टम मिल्ड राइस) आपूर्ति की समीक्षा बैठक में अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सख्त रुख अपनाया. उन्होंने 25 जुलाई तक शत-प्रतिशत सीएमआर आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए खराब प्रदर्शन करने वाले तीन प्रखंडों के सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों का वेतन रोकने और कारण बताओ नोटिस जारी करने का आदेश दिया.
Rohtas News : 94.13 प्रतिशत सीएमआर की हो चुकी है आपूर्ति
समीक्षा बैठक में बताया गया कि जिले में धान अधिप्राप्ति के विरुद्ध अब तक 94.13 प्रतिशत सीएमआर की आपूर्ति राज्य खाद्य निगम को की जा चुकी है. डीएम ने सभी प्रखंडों के सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों को 25 जुलाई तक 100 प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सतत अनुश्रवण और निगरानी का निर्देश दिया.
तीन प्रखंडों के अधिकारियों पर गिरी गाज
बैठक में जिले के औसत से कम प्रगति वाले चेनारी (85.21 प्रतिशत), शिवसागर (88.58 प्रतिशत) और करगहर (89.16 प्रतिशत) प्रखंडों पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई. जिला सहकारिता पदाधिकारी को संबंधित सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों से कारण बताओ नोटिस जारी करने और उनका वेतन बंद करने का निर्देश दिया गया.
डिफॉल्टर समितियों पर दर्ज होगी प्राथमिकी
डीएम ने अधिक मात्रा में सीएमआर आपूर्ति लंबित रखने वाली समितियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने का भी निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी लक्ष्य में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
नटवार केंद्र पर उपलब्ध है 140 लॉट की क्षमता
बैठक में जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम ने जानकारी दी कि नटवार सीएमआर संग्रहण केंद्र पर 140 लॉट सीएमआर रखने की क्षमता अभी उपलब्ध है. इस पर डीएम ने जिला सहकारिता पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सभी प्रखंडों से जल्द से जल्द सीएमआर की आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए.
