सड़क पर पानी छिड़काव और कचरा जलाने पर रोक, रोहतास डीएम ने वायु प्रदूषण रोकने के लिए दिए सख्त निर्देश

रोहतास जिले में पर्यावरण संरक्षण को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में है. डीएम दीपक कुमार मिश्र ने प्रदूषण रोकने के लिए कड़े निर्देश दिए हैं, जिसमें सड़कों पर पानी का छिड़काव और कचरा जलाने पर पूरी तरह रोक शामिल है. यह पहल जिले में वायु और ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.

Sasaram District Environment Committee : रोहतास जिले में पर्यावरण संरक्षण को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है. सोमवार देर शाम समाहरणालय परिसर में जिला पर्यावरण समिति की अहम बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्र ने की. इस बैठक में साफ संकेत दिया गया कि अब प्रदूषण फैलाने वालों पर सख्ती बढ़ेगी और सभी विभागों को मिलकर काम करना होगा.

बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे. इस दौरान पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें वायु प्रदूषण, ध्वनि प्रदूषण, हरित आवरण बढ़ाना, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, जैव विविधता और आर्द्रभूमि संरक्षण जैसे विषय शामिल रहे.

Environment Safety : वायु प्रदूषण रोकने के लिए सख्त निर्देश

बैठक में सबसे ज्यादा जोर वायु प्रदूषण पर दिया गया. डीएम ने राष्ट्रीय राजमार्गों और शहर की प्रमुख सड़कों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराने का निर्देश दिया, ताकि उड़ती धूल को नियंत्रित किया जा सके. साथ ही उन्होंने नगर निकायों को स्पष्ट रूप से कहा कि कचरा जलाने की घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाई जाए.

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए तय मानकों का सख्ती से पालन कराया जाए और इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सभी विभागों को आपसी तालमेल बनाकर लगातार निगरानी करने का निर्देश भी दिया गया.

साइलेंस जोन में ध्वनि सीमा का पालन जरूरी

ध्वनि प्रदूषण को लेकर भी बैठक में गंभीर चर्चा हुई. डीएम ने कहा कि Noise Pollution Rules 2000 के तहत अस्पतालों, स्कूलों और अन्य साइलेंस जोन में निर्धारित ध्वनि सीमा का हर हाल में पालन होना चाहिए. उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि इन क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए.

Sasaram News : पेड़ों की कटाई और अवैध आरा मिलों पर होगी कार्रवाई

पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए हरित आवरण बढ़ाने पर भी जोर दिया गया. डीएम ने वन विभाग को निर्देश दिया कि अवैध रूप से पेड़ों की कटाई पर सख्ती से रोक लगाई जाए. इसके अलावा अवैध आरा मिलों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया.

उन्होंने साफ कहा कि जैव विविधता को बचाने के लिए जरूरी है कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण किया जाए और इसमें किसी तरह की ढिलाई नहीं होनी चाहिए.

अवैध खनन और सोन नदी संरक्षण पर भी चर्चा

बैठक में खनिज संसाधनों के अवैध दोहन और परिवहन की भी समीक्षा की गई. अधिकारियों ने बताया कि प्रशासन और खनन विभाग द्वारा लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है और दोषियों पर कार्रवाई की जा रही है.

इसके साथ ही सोन नदी के संरक्षण को लेकर भी अहम निर्देश दिए गए. डीएम ने कहा कि नदी की जल गुणवत्ता बनाए रखना और पर्यावरण संतुलन को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है. इसके लिए संबंधित विभागों को मिलकर काम करने को कहा गया.

जनभागीदारी से ही संभव होगा पर्यावरण संरक्षण

बैठक के अंत में डीएम दीपक कुमार मिश्र ने कहा कि पर्यावरण को बचाने की जिम्मेदारी सिर्फ प्रशासन की नहीं, बल्कि आम लोगों की भी है. उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया कि वे लोगों को जागरूक करें और इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएं.

स्पष्ट है कि रोहतास में अब पर्यावरण को लेकर सख्ती बढ़ने वाली है. आने वाले दिनों में प्रशासन की कार्रवाई और निगरानी से जिले में प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में ठोस बदलाव देखने को मिल सकता है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Pramod kr srivastav

Published by: Anjani Pandey

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >