मंडल कारा सासाराम बनेगा कौशल विकास केंद्र, DM बोले- हर रात की सुबह होती है, हिम्मत मत हारिए

सासाराम मंडल कारा को कौशल विकास केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। डीएम दीपक कुमार मिश्रा ने बंदियों के पुनर्वास और मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर दिया है।

Sasaram Jail Bandi Darbar : सासाराम मंडल कारा को कौशल विकास और पुनर्वास का केंद्र बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है. बुधवार को आयोजित बंदी दरबार में जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने कहा कि बंदियों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कौशल विकास, परामर्श और पुनर्वास से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा.

Sasaram News : डीएम बोले- हर रात की सुबह जरूर होती है

बंदी दरबार के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने कहा कि जीवन में धैर्य बनाए रखना चाहिए, क्योंकि हर कठिन समय के बाद नई शुरुआत होती है. उन्होंने बंदियों से हिम्मत नहीं हारने की अपील करते हुए कहा कि कारा से बाहर निकलने के बाद वे सामान्य जीवन जी सकते हैं. साथ ही सभी संबंधित विभागों को बंदियों के पुनर्वास के लिए अधिक सक्रियता से काम करने का निर्देश दिया.

Rohtas News : एसपी ने कौशल प्रशिक्षण पर दिया जोर

पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने कहा कि जेल की अवधि को केवल सजा के रूप में नहीं, बल्कि स्वयं को बेहतर बनाने के अवसर के रूप में देखना चाहिए. उन्होंने बंदियों से तकनीकी कौशल और सॉफ्ट स्किल सीखने का आह्वान करते हुए कहा कि कौशल आधारित प्रशिक्षण उन्हें रिहाई के बाद सम्मानजनक जीवन जीने में मदद करेगा.

बंदियों ने रखीं अपनी समस्याएं

बंदी दरबार के दौरान बंदियों ने जेल से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और आवश्यकताओं को जिलाधिकारी के समक्ष रखा. डीएम ने भवन निर्माण विभाग और जेल उपाधीक्षक सीतेश कुमार सिंह को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

सुरक्षा ऑडिट और कारा निरीक्षण भी किया

कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मंडल कारा का सुरक्षा ऑडिट एवं निरीक्षण किया. अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था और कारा संचालन की समीक्षा करते हुए बंदियों के पुनर्वास और सुधारात्मक गतिविधियों को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Vivek Singh

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >