रोहतास: अकोढ़ीगोला के धरहरा सूर्यमंदिर रोड पर एक साल से बह रहा नाली का पानी, श्रद्धालु और ग्रामीण परेशान

रोहतास के धरहरा गांव में एक साल से नाली का पानी सूर्यमंदिर रोड पर बह रहा है, जिससे 100 मीटर सड़क जलमग्न है। ग्रामीणों और सावन माह में आने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानी हो रही है, वहीं बदबू और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। किसानों के विवाद के कारण नाली निर्माण अटका हुआ है.

Rohtas News: प्रखंड क्षेत्र के धरहरा गांव स्थित सूर्यमंदिर रोड पर करीब एक वर्ष से नाली का पानी बह रहा है. लगभग 100 मीटर लंबी सड़क जलजमाव की चपेट में है, जिससे ग्रामीणों और श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सावन माह में सूर्यमंदिर में पूजा-अर्चना के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को गंदे पानी के बीच होकर गुजरना पड़ रहा है.

खेत और मंदिर जाने में हो रही परेशानी

ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर लगातार नाली का पानी बहने से वहां झाड़-झंखाड़ उग गए हैं. लोग किसी तरह पगडंडियों के सहारे खेतों तक पहुंच रहे हैं. मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी गंदे पानी से बचते हुए गुजरना पड़ता है.

ग्रामीणों ने लगाया नाली बंद करने का आरोप

ग्रामीण राम सुरेश सिंह, अजय कुमार सिंह, उपेंद्र सिंह, संतोष सिंह, बिजेंद्र कुमार सिंह और अनिल सिंह सहित अन्य लोगों ने बताया कि पहले सरकारी जमीन से कच्ची नाली होकर पानी निकलता था. उनका आरोप है कि कुछ माह पहले अरविंद कुमार सिंह ने कच्ची नाली को बंद कर सरकारी जमीन को अपने खेत में मिला लिया, जिससे 70 से 80 घरों का पानी सड़क पर बहने लगा.

ग्रामीणों का कहना है कि जलजमाव के कारण बदबू फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है. इस संबंध में कई ग्रामीणों के हस्ताक्षरयुक्त आवेदन प्रखंड विकास पदाधिकारी को दिया गया, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका.

किसानों के विवाद से अटका नाली निर्माण

प्रखंड विकास पदाधिकारी रवि रंजन ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद उन्होंने स्थल का निरीक्षण किया था. सड़क पर नाली का पानी बहने की समस्या सही पाई गई है. उन्होंने बताया कि सड़क और नाली निर्माण की योजना तैयार कर ली गई है, लेकिन नाली किस दिशा से बनाई जाए, इसे लेकर किसानों के बीच विवाद है.

उन्होंने बताया कि पश्चिम दिशा के किसान नाली को पूर्व की ओर बनाने की मांग कर रहे हैं, जबकि पूर्व दिशा के किसानों का कहना है कि पहले पश्चिम की ओर से ही नाली बहती थी और उसी दिशा में पुल भी बना हुआ है. इसी विवाद के कारण निर्माण कार्य में देरी हुई है.

दो हिस्सों में निकाला जाएगा पानी

बीडीओ ने बताया कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए नाली के पानी को दो हिस्सों में निकाला जाएगा. कुछ घरों का पानी गांधी आश्रम की ओर नई नाली बनाकर छोड़ा जाएगा, जबकि शेष घरों का पानी सूर्यमंदिर रोड के बीचोंबीच नाली बनाकर निकाला जाएगा. उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ashok kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >