Sasaram News: रोहतास जिले के तिलौथू प्रखंड में स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर खिलवाड़ करने वाले अवैध नर्सिंग होम और अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर अब कड़ा प्रशासनिक शिकंजा कसेगा. मंगलवार को विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने तिलौथू पहुंचीं उप विकास आयुक्त (डीडीसी) डॉ. आकांक्षा आनंद ने अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक कर कार्यप्रणाली की बिंदुवार समीक्षा की. समीक्षा के दौरान अवैध तरीके से चल रहे निजी चिकित्सा केंद्रों पर उन्होंने कड़ा रुख अख्तियार किया.
अवैध नर्सिंग होम बंद कराने का आदेश
समीक्षा बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने डेहरी के अनुमंडल पदाधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रखंड क्षेत्र में बिना वैध निबंधन के चल रहे सभी नर्सिंग होम और अवैध अल्ट्रासाउंड केंद्रों की जांच कर उन्हें अविलंब बंद कराया जाए. इसके साथ ही भारतनेट परियोजना की प्रगति शून्य पाए जाने पर डीडीसी ने कड़ी नाराजगी जताई. उन्होंने दूरसंचार विभाग के संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द इंटरनेट कनेक्टिविटी बहाल कर सेवा चालू करने की चेतावनी दी.
पीएम आवास और स्वच्छता पर कड़ा रुख
डीडीसी ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत शेष बचे सभी अधूरे मकानों के निर्माण कार्य को समय सीमा के भीतर पूरा कराने का आदेश दिया. इसके साथ ही लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत गांव-गांव कचरा उठाव प्रक्रिया को नियमित करने और यूजर चार्ज वसूली में तेजी लाने पर जोर दिया गया. आकांक्षी प्रखंड के सूचकांकों में व्यापक सुधार लाने के लिए स्वास्थ्य, पोषण और आधारभूत ढांचे से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश जारी किए गए.
खेती, पोषण शिविर और स्कूलों का निरीक्षण
स्थानीय स्तर पर किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए प्रखंड कृषि पदाधिकारी को गरमा धान और मूंगफली की खेती को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए. वहीं गर्भवती महिलाओं को समय पर पौष्टिक आहार और योजना का लाभ दिलाने के लिए विशेष पंजीकरण शिविर लगाने को कहा गया. समीक्षा के उपरांत डीडीसी ने मध्य विद्यालय पतलुका, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर और आंगनबाड़ी केंद्र का औचक मुआयना किया. अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता जांचने के बाद उन्होंने स्कूल में बच्चों से सामान्य ज्ञान और नैतिक शिक्षा पर संवाद किया तथा स्कूल में एस्ट्रोनॉमी लैब शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए.
Also Read: रोहतास: कुम्हऊ ओवरब्रिज के पास दंपती से पर्स झपटकर भागे थे बाइक सवार, 8 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली
