Sasaram News : भाकपा-माले ने मंगलवार को अपने संस्थापक महासचिव चारु मजुमदार का शहादत दिवस जिलेभर में संकल्प दिवस के रूप में मनाया. इस अवसर पर सासाराम स्थित पार्टी जिला कार्यालय सहित राजपुर, काराकाट, बिक्रमगंज, संझौली, चेनारी, कोचस, दिनारा, दावथ, शिवसागर, अकोढ़ीगोला और तिलौथू प्रखंडों के पार्टी कार्यालयों तथा विभिन्न गांवों में झंडोत्तोलन कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई.
चारु मजुमदार को दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चारु मजुमदार के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. विभिन्न प्रखंडों में आयोजित संकल्प सभाओं में उनके विचारों को याद करते हुए उन्हें जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया.
जिला सचिव ने केंद्र सरकार पर लगाए आरोप
सासाराम स्थित जिला कार्यालय में आयोजित संकल्प सभा को संबोधित करते हुए पार्टी के जिला सचिव जवाहर लाल सिंह ने आरोप लगाया कि देश के संविधान, लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं के सामने गंभीर चुनौतियां हैं. उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने का प्रयास कर रही है तथा महंगाई और बेरोजगारी जैसी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं.
विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार की आलोचना
जवाहर लाल सिंह ने आर्थिक और विदेश नीति पर भी सवाल उठाए. उन्होंने राम मंदिर चढ़ावा घोटाला, महाकाल जमीन घोटाला और नीट पेपर लीक जैसे मामलों का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार की आलोचना की. उन्होंने कहा कि छात्र-नौजवानों, किसानों, मजदूरों और समाज के विभिन्न वर्गों को अपनी मांगों के लिए आंदोलन करने को मजबूर होना पड़ रहा है.
जनसंघर्ष मजबूत करने का आह्वान
सभा में वक्ताओं ने भाजपा के कथित सांप्रदायिक फासीवाद के खिलाफ व्यापक जन प्रतिरोध को मजबूत करने तथा पार्टी को राजनीतिक और वैचारिक रूप से सुदृढ़ बनाने का आह्वान किया. साथ ही किसान-मजदूरों, छात्र-नौजवानों और समाज के वंचित वर्गों के मुद्दों पर संघर्ष तेज करने का संकल्प दोहराया. इस अवसर पर अशोक सिंह, कामता यादव, कैसर नेहाल, राजेंद्र सिंह, कृष्णा मेहता, धनजी पासवान, गोपाल राम, चन्द्रधन सिंह, मार्कण्डेय चन्द्रवंशी, नरेंद्र राम, सतेन्द्र चौधरी सहित अन्य नेताओं ने अपने-अपने प्रखंडों में झंडोत्तोलन कर संकल्प सभा को संबोधित किया.
