Rohtas News : घरेलू रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना है. इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने सभी गैस एजेंसियों को 15 अगस्त तक शत-प्रतिशत ई-केवाईसी (e-KYC) पूरा कराने का निर्देश दिया है. निर्धारित समय सीमा तक ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को 16 अगस्त से घरेलू गैस सिलेंडर भी कॉमर्शियल दर पर मिल सकता है. इसे लेकर शिवसागर के रामजी इंडेन ग्रामीण वितरक ने सभी एलपीजी उपभोक्ताओं से जल्द ई-केवाईसी कराने की अपील की है.
ई-केवाईसी से होगा उपभोक्ताओं का सत्यापन
वितरक के अनुसार, ई-केवाईसी का उद्देश्य एलपीजी उपभोक्ताओं के रिकॉर्ड को अपडेट करना और वास्तविक उपभोक्ताओं का सत्यापन सुनिश्चित करना है. इसके लिए उपभोक्ता गैस एजेंसी पर जाकर या घर बैठे मोबाइल ऐप के माध्यम से भी प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं.
मोबाइल ऐप से भी कर सकते हैं ई-केवाईसी
इंडेन गैस उपभोक्ता Indane One, भारत गैस उपभोक्ता Hello BPCL और एचपी गैस उपभोक्ता HP Pay ऐप के जरिए पंजीकृत मोबाइल नंबर से लॉगिन कर आधार सत्यापन और फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से आसानी से ई-केवाईसी कर सकते हैं.
15 अगस्त से पहले प्रक्रिया पूरी करने की अपील
रामजी इंडेन ग्रामीण वितरक के प्रोपराइटर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि इंडियन ऑयल के निर्देशानुसार सभी उपभोक्ताओं का ई-केवाईसी कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं ने अब तक ई-केवाईसी नहीं कराया है, वे 15 अगस्त से पहले हर हाल में यह प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि गैस वितरण या अन्य किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.
