Sasaram News : बिक्रमगंज अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार ने मंगलवार को अनुमंडल कार्यालय में अनुमंडल क्षेत्र के सभी प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों (बीसीओ) के साथ खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के तहत सीएमआर (कस्टम मिल्ड राइस) आपूर्ति की समीक्षा बैठक की. बैठक में उन्होंने 31 जुलाई तक शत-प्रतिशत सीएमआर आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
31 जुलाई है सीएमआर आपूर्ति की अंतिम तिथि
एसडीएम ने कहा कि सीएमआर आपूर्ति की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित है. सभी बीसीओ अपने-अपने क्षेत्र के पैक्सों द्वारा की जा रही आपूर्ति की प्रतिदिन समीक्षा करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न होने दें.
लापरवाही पर पैक्स अध्यक्षों के खिलाफ होगी कार्रवाई
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा तक सीएमआर की आपूर्ति नहीं करने वाले पैक्स अध्यक्षों एवं संचालकों के विरुद्ध प्रचलित नियमों और अधिनियमों के तहत प्राथमिकी दर्ज कराते हुए कड़ी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश
बैठक में लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन, पैक्स स्तर पर उपलब्ध सीएमआर से संबंधित अभिलेखों का नियमित सत्यापन तथा आपूर्ति प्रक्रिया की सतत निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए. एसडीएम ने कहा कि सीएमआर आपूर्ति में किसी भी प्रकार की अनियमितता या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध
एसडीएम ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा तथा सरकारी योजनाओं के पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को गंभीरता, जवाबदेही और समयबद्ध तरीके से अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
