रोहतास के डेहरी में सुरों से सजी शाम, सोन कला केंद्र के कार्यक्रम में कलाकारों ने बांधा समां

डेहरी के सोन कला केंद्र में एक शाम गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजी. संस्था ने नए सदस्यों का शानदार स्वागत किया और उनकी प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया.

डेहरी में रविवार की देर शाम गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल खास बन गया. सोन कला केंद्र की ओर से आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय और बाहर से आये कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से लोगों का खूब मनोरंजन किया. गायक-गायिकाओं की सुरीली आवाज और संगीत की धुन पर कार्यक्रम में मौजूद लोग देर रात तक झूमते रहे.

कार्यक्रम का आयोजन सोन कला केंद्र से नये सदस्यों को जोड़ने और उनका स्वागत करने के लिए किया गया था. समारोह में शहर के कई प्रतिष्ठित लोगों के साथ कला और संस्कृति से जुड़े लोग शामिल हुए. दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई.

छह नये सदस्यों का किया गया स्वागत

कार्यक्रम का उद्घाटन संस्था के संरक्षक मंडल के सदस्य डॉ. एसबी प्रसाद, राजीव रंजन सिन्हा उर्फ पन्नू जी, चंद्रगुप्त मेहरा, डॉ. राकेश, डॉ. रीना, संस्था के अध्यक्ष डॉ. कुमार अंशुमन और जगनारायण पाण्डेय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.

समारोह का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन करते संरक्षक मंडल के सदस्य

इसके बाद शहर के छह प्रतिष्ठित लोगों डॉ. रामाशंकर पासवान, प्रदीप कुमार, सुबोध कुमार सिंह, मोहन सिंह, मुकेश चौधरी और विनायक प्रसाद को सोन कला केंद्र की सदस्यता दिलायी गयी. संस्था की ओर से सभी नये सदस्यों को अंगवस्त्र, आईडी कार्ड और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया.

नए सदस्यों के जुड़ने से संस्था की गतिविधियों को गति मिलेगी

इस मौके पर संस्था के संरक्षक और प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. एसबी प्रसाद ने सोन कला केंद्र के उद्देश्यों और गतिविधियों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि कला, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों को एक मंच पर लाकर प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है. नये सदस्यों के जुड़ने से संस्था की गतिविधियों को और गति मिलेगी. आने वाले दिनों में सांस्कृतिक, सामाजिक और रचनात्मक गतिविधियों का विस्तार किया जायेगा.

शिव आराधना से शुरू हुई संगीत की महफिल

सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत सुप्रसिद्ध गायक नरेंद्र सिंह काके ने शिव आराधना से की. इसके बाद कार्यक्रम आगे बढ़ा तो गीत-संगीत की महफिल और रंगीन होती गयी.

संस्था के सदस्य और शहर के जाने-माने कलाकार राजू सिन्हा, उनकी पत्नी और सुप्रसिद्ध गायिका प्रीती सिन्हा, वीरेंद्र कुमार, विनायक प्रसाद, रबींद्र सिंह उर्फ बाबू और अनिल कुमार उर्फ बुल्लू जी ने अपनी प्रस्तुतियां दीं. कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजायीं.

कोलकाता से आयीं गायिका जूनी सिंगर ने भी अपनी सुरीली आवाज से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिये. एक के बाद एक लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति से कार्यक्रम का माहौल बना रहा और श्रोता देर तक संगीत का आनंद लेते रहे.

स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने पर जोर

कार्यक्रम का संचालन संस्था के सचिव सत्येंद्र प्रसाद ने किया. उन्होंने कहा कि सोन कला केंद्र स्थानीय प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध कराने और उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए लगातार काम कर रहा है. कला और संस्कृति से जुड़े लोगों को एक मंच पर लाकर सामाजिक एकजुटता को मजबूत करना संस्था की प्राथमिकता है.

कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत अध्यक्ष डॉ. कुमार अंशुमन, उपाध्यक्ष पारस प्रसाद, उपसचिव उदय कुमार, कोषाध्यक्ष संजय कुमार, मीडिया प्रभारी जगनारायण पाण्डेय व मुकेश पाण्डेय, महिला प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. रीना, सलाहकार समिति के सदस्य चंद्रगुप्त मेहरा, नंदकुमार सिंह व राजीव कुमार सिंह ने किया.

इसके अलावा कार्यकारिणी सदस्य महेंद्र राम, मुन्ना रजक व जयप्रकाश मौर्य, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ प्रभारी राजू सिन्हा, सदस्य वीरेंद्र कुमार व नरेंद्र सिंह तथा कोऑर्डिनेटर आलोक कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मुकेश पांडेय

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >