बिजली के पोल से टकरायी कार, शिक्षक की मौत, पत्नी व बेटी घायल
SASARAM NEWS.डेहरी-नासरीगंज पथ पर गुरुवार की रात करीब 12 बजे दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार शिक्षक की मौत हो गयी, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से जख्मी हो गयीं और बेटी भी घायल हो गयी.
डेहरी-नासरीगंज पथ पर टंडवा गांव के समीप हुई घटना
गया से बेटी को लेकर पत्नी के साथ लौट रहे थे घर
उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डालमियानगर में शिक्षक थे अजय कुमार सिंह
अकोढ़ीगोला
. डेहरी-नासरीगंज पथ पर गुरुवार की रात करीब 12 बजे दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार शिक्षक की मौत हो गयी, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से जख्मी हो गयीं और बेटी भी घायल हो गयी.मृतक की पहचान अकोढ़ीगोला थाना क्षेत्र के बराढ़ी गांव निवासी स्व. नरेश सिंह के 55 वर्षीय पुत्र अजय कुमार सिंह के रूप में हुई है. वे उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डालमियानगर में शिक्षक थे. घटना आयरकोठा थाना क्षेत्र के टंडवा गांव के समीप हुई. जानकारी के अनुसार अजय कुमार सिंह अपनी पत्नी रीना देवी व बेटी के साथ कार से दाउदनगर होते हुए अपने गांव लौट रहे थे. उनकी बेटी गया में रहकर पढ़ाई करती है, जिसे घर लाने वे गये थे. लौटने के दौरान चालक अजय कुमार सिंह का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और कार बिजली के पोल से टकरा गयी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखचे उड़ गये और मौके पर ही उनकी मौत हो गयी.
घायल बेटी ने दी परिजनों को सूचना
घटना में उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गयीं, जबकि बेटी को हल्की चोटें आयीं. बेटी ने ही परिजनों को घटना की सूचना दी. सूचना मिलने पर डायल 112 व आयरकोठा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल डेहरी ले गयी, जहां चिकित्सकों ने शिक्षक को मृत घोषित कर दिया. पत्नी की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया. परिजनों ने उन्हें जमुहार स्थित अस्पताल में भर्ती कराया है.
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर
थानाध्यक्ष शिवम कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है. विद्यालय परिवार व स्थानीय लोग स्तब्ध हैं और दिवंगत शिक्षक को श्रद्धांजलि दे रहे हैं.