दरीगांव थाना क्षेत्र के बभनगांवा के पास घात लगाये अपराधियों ने दिया वारदात को अंजाम
घटनास्थल से दो खोखा व एक कारतूस बरामद, एफएसएल जांच में जुटीफोटो-4-घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
प्रतिनिधि, सासाराम ग्रामीणदरिगांव थाना क्षेत्र के बभनगांवा गांव के समीप शुक्रवार की रात करीब नौ बजे एक बाइक सवार युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी. मृतक की पहचान बड़की करपुरवा निवासी गंगा साह के करीब 30 वर्षीय पुत्र दीपू साह के रूप में हुई है. घटना के तुरंत बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है. साथ ही घटनास्थल से दो खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीपू साह शुक्रवार की देर शाम अपने दोस्तों के साथ एनएच-19 स्थित एक कंस्ट्रक्शन प्लांट की ओर गया था. रात करीब नौ बजे वह बाइक से घर लौट रहा था. इसी दौरान आरपीएस नर्सिंग स्कूल के पास मोड़ पर पहले से घात लगाये बैठे अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. बेहद करीब से चली गोलियों से उसकी मौके पर ही मौत हो गयी. गोलीबारी की आवाज सुनकर स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे. इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गयी.
2024 में इसी गांव में सरोज पासवान की हत्या हुई थी, उसमे नामजद अभियुक्त था दीपू
एसपी रौशन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश का प्रतीत हो रहा है. उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में इसी गांव में सरोज पासवान की हत्या हुई थी, जिसमें मृतक नामजद अभियुक्त था और बाद में जमानत पर बाहर आया था. आशंका है कि उसी पुरानी दुश्मनी के कारण इस घटना को अंजाम दिया गया है.उन्होंने बताया कि पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर ली गयी है, जबकि कुछ अन्य अज्ञात अपराधियों की भूमिका भी सामने आयी है. उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.एफएसएल टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाये हैं. पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है.
कुछ ही दिनों पहले जेल से छूटकर बाहर आया थादीपू साह
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दीपू साह कुछ ही दिनों पहले जेल से छूटकर बाहर आया था. वह करपूरवा गांव निवासी सरोज पासवान का हत्यारोपी था. पुलिस इस हत्याकांड को आपसी रंजिश या पुरानी दुश्मनी से जोड़कर भी देख रही है. पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि क्या जेल से बाहर आने के बाद उसकी किसी से कोई नयी अदावत शुरू हुई थी, या यह किसी पुरानी घटना का प्रतिशोध है.
घटनास्थल पर पहुंचे एसपी लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते हीं तुरंत एसपी रौशन कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी. उन्होंने बताया कि घटनास्थल से एफएसएल टीम ने कई सबूत जुटाये हैं और शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया गया है. प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
