बिहार ग्रामीण क्रिकेट लीग के ट्रायल में पहुंचे 50 खिलाड़ी
SASARAM NEWS.रोहतास जिला क्रिकेट संघ के तत्वाधान में बिहार ग्रामीण क्रिकेट लीग के लिए दूसरे दिन का चयन ट्रायल न्यू स्टेडियम फजलगंज ग्राउंड में हुआ. ट्रायल में जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से आए करीब 50 युवा खिलाड़ियों ने भाग लिया.
बिहार ग्रामीण क्रिकेट लीग के ट्रायल में पहुंचे 50 खिलाड़ी
पहली बार बीसीए करा रहा ग्रामीण क्रिकेट लीग, ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
सासाराम ऑफिस.
रोहतास जिला क्रिकेट संघ के तत्वाधान में बिहार ग्रामीण क्रिकेट लीग के लिए दूसरे दिन का चयन ट्रायल न्यू स्टेडियम फजलगंज ग्राउंड में हुआ. ट्रायल में जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से आए करीब 50 युवा खिलाड़ियों ने भाग लिया. इसकी जानकारी देते हुए आरडीसीए अध्यक्ष कल्पना कुमारी ने बताया कि बिहार क्रिकेट के इतिहास में यह पहली बार है, जब ग्रामीण क्रिकेट लीग का आयोजन किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना है, ताकि गांव के खिलाड़ी भी राज्य और राष्ट्रीयस्तर पर अपनी पहचान बना सकें. रोहतास जिला ग्रामीण क्रिकेट लीग के कन्वेनर प्रकाश कुमार ने बताया कि पहले दिन व दूसरे दिन लगभग 50-50 खिलाड़ियों ने ट्रायल में भाग लिया. खिलाड़ियों का ट्रायल तीन फरवरी तक तीन चरणों में लिया जायेगा. उन्होंने बताया कि तीन फरवरी को अंडर 23 वर्ग के खिलाड़ियों का ट्रायल भी न्यू स्टेडियम फजलगंज ग्राउंड में ही आयोजित किया जायेगा. चयन प्रक्रिया में तीन चयनकर्ता संतोष कुमार, अर्जुन कुमार और इमरान खान की ओर से खिलाड़ियों के खेल कौशल, फिटनेस और तकनीकी क्षमता का आकलन किया जा रहा है. चयनकर्ताओं ने बताया कि पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन किया जायेगा. जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि बिहार ग्रामीण क्रिकेट लीग ग्रामीण युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर है, जिससे क्रिकेट के क्षेत्र में नये सितारे उभरकर सामने आयेंगे.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.