Bihar Police Constable Exam: (डॉ प्रमोद कुमार श्रीवास्तव) केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के तत्वावधान में परीक्षा होगी. पूर्व में परीक्षा के दौरान हुए हंगामे को देखते हुए इस बार जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए. परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने फुलप्रूफ तैयारी किया है. रोहतास जिले के सासाराम में परीक्षा का दूसरा चरण बुधवार यानी आज होगा. इसके के लिए कुल 18 केंद्र बनाए गए हैं. जहां दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी. जिसमें बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल होने की संभावना है. परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण, पारदर्शी और कदाचारमुक्त संचालन के लिए प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
डीएम-एसपी ने दिए सख्त निर्देश
जिलाधिकारी उदिता सिंह और पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने संयुक्त रूप से केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. सभी अधिकारियों को समय से पहले केंद्रों पर पहुंचने, अभ्यर्थियों की सघन जांच करने और केंद्रीय चयन पर्षद के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया.
हर केंद्र पर दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात
परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए प्रत्येक केंद्र पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई. साथ ही गश्ती दल, उड़नदस्ता टीम और विशेष निगरानी दल भी सक्रिय रहे, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को तुरंत रोका जा सके.
हाईटेक निगरानी- बायोमेट्रिक, वीडियोग्राफी और जैमर की व्यवस्था
परीक्षा केंद्रों पर फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित की गई. इसके अलावा नकल रोकने के लिए सभी केंद्रों पर जैमर और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था की गई.
जिला नियंत्रण कक्ष से रखी गई नजर
परीक्षा की निगरानी के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया था, जहां से पूरे परीक्षा संचालन पर नजर रखी जा रही थी. जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि परीक्षा पूरी तरह कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराई जाए, ताकि अभ्यर्थियों को निष्पक्ष और सुरक्षित माहौल मिल सके.
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम से शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न
जिला प्रशासन द्वारा किए गए कड़े सुरक्षा इंतजामों के चलते परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई. पिछले घटनाक्रम से सबक लेते हुए इस बार प्रशासन की सख्ती साफ नजर आई.
