सासाराम : अमृता कुमारी हत्याकांड : इश्तेहार के बाद भी नहीं पहुंचे आरोपी, पुलिस ने की कुर्की-जब्ती

Sasaram News : बिक्रमगंज में अमृता कुमारी संदिग्ध मौत मामले में फरार आरोपितों के घर पुलिस ने कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की. कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने सामान जब्त किया.

Sasaram News : सासाराम जिले के बिक्रमगंज नगर के गौतम नगर मुहल्ले में विवाहिता अमृता कुमारी की संदिग्ध मौत मामले में फरार आरोपितों के विरुद्ध पुलिस ने गुरुवार की सुबह न्यायालय के आदेश पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की. सुबह करीब सात बजे से बिक्रमगंज थानाध्यक्ष रंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल व मजदूरों की मौजूदगी में कार्रवाई की गई. कार्रवाई के दौरान आरोपितों के घर से विभिन्न सामान जब्त कर पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया, जिसे सुरक्षित थाने में रखा गया है.

समय सीमा बीतने पर हुई कुर्की-जब्ती

थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर 20 जून को आरोपितों के घर इश्तेहार चस्पाया गया था और निर्धारित अवधि के भीतर आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया गया था. तय समय सीमा समाप्त होने के बावजूद किसी भी आरोपित के न्यायालय में उपस्थित नहीं होने पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई. उन्होंने बताया कि जब्त सामान न्यायालय के अगले आदेश तक थाने में सुरक्षित रखा जाएगा और आगे की कार्रवाई न्यायालय के निर्देशानुसार की जाएगी.

सीढ़ी की रेलिंग से लटका मिला था शव

गौरतलब है कि 12 अप्रैल 2026 की सुबह वार्ड संख्या-13 स्थित गौतम नगर मुहल्ले में 25 वर्षीय अमृता कुमारी का शव ससुराल स्थित मकान की दूसरी मंजिल पर सीढ़ी की रेलिंग से साड़ी के फंदे से लटका मिला था. घटना के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू की थी. मृतका के पिता व नोखा थाना क्षेत्र निवासी अशोक कुमार सिंह ने प्राथमिकी दर्ज कर ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया था. उन्होंने आवेदन में यह भी आरोप लगाया था कि मृतका के ससुर रामेश्वर चौधरी की उस पर गलत नजर थी. इन आरोपों के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी.

हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर जांच

घटना के समय घर में मृतका के सास-ससुर मौजूद थे, जबकि उसके पति मनीष कुमार भारतीय सेना में नायक पद पर कार्यरत हैं. बताया जाता है कि घटना से कुछ समय पहले पति-पत्नी के बीच फोन पर बातचीत भी हुई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाए थे. पुलिस आत्महत्या और हत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि फरार आरोपितों के विरुद्ध आगे भी विधिसम्मत कार्रवाई जारी रहेगी.

Also Read: सासाराम: कोचस में दर्दनाक हादसा, ट्रक के नीचे दबकर 16 साल के किशोर की मौत, NH 319 पर 4 घंटे जाम




प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >