सूर्यपुरा में महावीरी झंडा जुलूस में विधायक आलोक कुमार सिंह ने बढ़ाया उत्साह
प्रतिनिधि, सूर्यपुरा.
सूर्यपुरा प्रखंड मुख्यालय की सदर पंचायत के पश्चिम मुहल्ले और बारुन गांव में बसंत पंचमी पर वार्षिक महावीरी झंडा जुलूस का आयोजन किया गया. मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय विधायक आलोक कुमार सिंह ने जुलूस में शामिल होकर ग्रामीणों का उत्साह बढ़ाया. बसंत पंचमी के अवसर पर वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार, शुक्रवार को बारुन गढ़ और सदर पंचायत के पश्चिम मुहल्ले के महावीर मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना की गयी. इसके बाद झंडा जुलूस बैंड बाजे और सैकड़ों ग्रामीणों के साथ गांव में भ्रमण करता निकल पड़ा. जुलूस पूरे आस्था और उत्साह के साथ बारुन और सूर्यपुरा गढ़, प्रखंड कार्यालय, बड़ा तालाब, सूर्य मंदिर, अस्पताल और बंगला चौक सहित अन्य स्थानों में पहुंचा. जुलूस में स्थानीय और दूर-दराज से आये तलवारबाजी, गादका, बनेठी, लाठी और डंडा खेल प्रस्तुत किये गये. बारुन गढ़ पर सबसे पहले पहुंचे विधायक आलोक कुमार सिंह का स्वागत पूजा समिति के अध्यक्ष और पूर्व मुखिया सीताराम सिंह ने अंगवस्त्र देकर किया. कार्यक्रम में खेल प्रस्तुत करने वाले सभी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए विधायक ने उन्हें सम्मानित भी किया. सूर्यपुरा से निकले महावीरी झंडा जुलूस में जदयू के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष मुन्नू चंद्रवंशी ने विधायक को अंगवस्त्र और फूल-माला से सम्मानित किया. इस जुलूस में स्थानीय पुलिस प्रशासन के साथ सीओ गोल्डी कुमारी, थानाध्यक्ष चंदन कुमार भगत, दीप प्रकाश, समाजसेवी सुदामा पांडे, पूर्व मुखिया सरफराज अहमद, सरपंच शिवयश भगत, जयराम सिंह, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष प्रदीप कुशवाहा समेत कई अन्य लोग भी शामिल हुए.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
