Rohtas News: जिले के चेनारी प्रखंड क्षेत्र में हवाई संपर्क स्थापित करने की दिशा में प्रशासनिक स्तर पर बड़ी हलचल शुरू हो गई है. शनिवार को जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने चेनारी प्रखंड के सबराबाद क्षेत्र का सघन दौरा कर प्रस्तावित एयरपोर्ट स्थल का जायजा लिया. डीएम के इस औचक स्थलीय निरीक्षण से स्थानीय लोगों में हवाई कनेक्टिविटी की उम्मीदें काफी मजबूत हो गई हैं. निरीक्षण के दौरान डीएम ने प्रस्तावित स्थल की भौगोलिक बनावट, भूमि उपलब्धता, मुख्य मार्गों से सड़क संपर्क और सुरक्षा से जुड़े तमाम पहलुओं की समीक्षा की.
भूमि की उपलब्धता और तकनीकी पहलुओं की गहन पड़ताल
स्थलीय निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने सबराबाद में मौजूद सरकारी और गैर-सरकारी (निजी) भूमि के रकबे की विस्तृत जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों से चर्चा की कि एयरपोर्ट निर्माण के लिए मानक के अनुसार जमीन का क्षेत्रफल पर्याप्त है या नहीं. इसके साथ ही हवाई पट्टी और टर्मिनल निर्माण के लिए जरूरी तकनीकी आवश्यकताओं, पहुंच पथ (अप्रोच रोड) और आधारभूत ढांचे की संभावनाओं को परखा गया. डीएम ने स्पष्ट किया कि स्थल चयन में भविष्य के विस्तार और सड़क कनेक्टिविटी को प्राथमिकता दी जाएगी.
चेनारी सीओ को विस्तृत प्रपोजल तैयार करने का सख्त निर्देश
जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने मौके पर मौजूद चेनारी के अंचलाधिकारी (सीओ) पुरुषोत्तम कुमार को संभावित एयरपोर्ट स्थल से संबंधित एक समग्र और विस्तृत प्रस्ताव जल्द से जल्द तैयार करने का निर्देश दिया. इस रिपोर्ट में कुल उपलब्ध रकबा, सरकारी बनाम रैयती जमीन का अनुपात, भू-स्वामियों का विवरण और भौगोलिक नक्शा शामिल करने को कहा गया है. अंचल कार्यालय द्वारा रिपोर्ट तैयार किए जाने के बाद इसे नागरिक उड्डयन विभाग और राज्य सरकार के उच्चाधिकारियों के समक्ष अग्रसारित किया जाएगा, जिसके बाद तकनीकी सर्वेक्षण और वित्तीय स्वीकृति की प्रक्रिया शुरू होगी.
गुप्ता धाम और दुर्गावती जलाशय में पर्यटन व व्यापार को लगेंगे पंख
चेनारी क्षेत्र में एयरपोर्ट बनने से न केवल पूरे शाहाबाद प्रक्षेत्र को सीधी हवाई सुविधा मिलेगी, बल्कि इससे स्थानीय व्यापार और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे. विशेष रूप से कैमूर की पहाड़ियों में स्थित प्रसिद्ध तीर्थस्थल गुप्ता धाम, दुर्गावती जलाशय और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों पर देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए पहुंच बेहद आसान हो जाएगी. इस पहल से रोहतास जिले के समग्र विकास को एक नई गति मिलने की प्रबल संभावना जताई जा रही है.
