sasaram news : (रमेश कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट)
कोचस थाना क्षेत्र के सासाराम-चौसा पथ पर चंवरी गांव के समीप गुरुवार की सुबह चालक को झपकी आने के कारण ईंट लदा एक कंटेनर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया दुर्घटना में चालक को हल्की चोटें आई हैं.
घटना के बाद सड़क से गुजर रहे अन्य ट्रक चालकों ने घायल चालक को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया. घायल चालक की पहचान दिनेश यादव के रूप में हुई है, जो गाजीपुर जिले का निवासी बताया जाता है.
झपकी के कारण नियंत्रण खोया
स्थानीय लोगों के अनुसार, चालक को वाहन चलाने के दौरान झपकी आने से वह नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कंटेनर सड़क किनारे पलट गया. हालांकि, दुर्घटना में किसी अन्य व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है.
गौरतलब है कि इसी मार्ग पर पूर्व में भी कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं. गत 12 मई को स्टेट हाइवे-17 पर चंवरी गांव के समीप चालक को झपकी आने के कारण एक कंटेनर लगभग 30 फीट गहरे गड्ढे में पलट गया था.
8 मई को भी झपकी के कारण हुआ था दुर्घटना
इसके अलावा 8 मई को बलथरी फॉल के समीप चालक को झपकी आने से दो वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई थी, जिसमें एक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था. वहीं 4 मई को राष्ट्रीय राजमार्ग-319 पर शेख बहुआरा स्टैंड के पास चालक को झपकी आने से यात्रियों से भरी बस डिवाइडर से टकराकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई थी. उस हादसे में एक यात्री की मौत हो गई थी, जबकि दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे.
लगातार हो रही ऐसी दुर्घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने वाहन चालकों से लंबी दूरी की यात्रा के दौरान पर्याप्त आराम करने तथा प्रशासन से सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की मांग की है.
