रोहतास: दुर्गावती जलाशय में सेल्फी के दौरान डूबा रोहित, 24 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग; SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी

दुर्गावती जलाशय की नहर में सेल्फी लेते समय 15 वर्षीय रोहित डूब गया। एसडीआरएफ की टीम दूसरे दिन भी किशोर की तलाश में जुटी है, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Rohtas News : दुर्गावती जलाशय घूमने गये 15 वर्षीय किशोर के नहर में डूबने की घटना के बाद शनिवार को दूसरे दिन भी उसकी तलाश जारी रही. चेनारी थाना क्षेत्र के लोहरा गांव निवासी महेंद्र बिंद का 15 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार शुक्रवार को हादसे का शिकार हो गया था. बताया जाता है कि बायीं तट मुख्य नहर के समीप पानी की तेज धार के पास मोबाइल से सेल्फी लेने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया. संतुलन बिगड़ने के बाद वह गहरे पानी में गिर गया और तेज बहाव में बह गया.

सेल्फी लेते समय बिगड़ा संतुलन

जानकारी के अनुसार, रोहित शुक्रवार को दुर्गावती जलाशय घूमने आया था. इसी दौरान वह बायीं तट मुख्य नहर के पास पहुंचा. पानी के किनारे खड़े होकर मोबाइल से सेल्फी लेने के क्रम में अचानक उसका पैर फिसल गया और वह देखते ही देखते गहरे पानी में चला गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पानी में गिरने के बाद रोहित एक बार ऊपर आया, लेकिन तेज बहाव और भंवर की चपेट में आने के बाद दोबारा दिखाई नहीं दिया.

स्थानीय गोताखोरों ने भी की तलाश

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और किशोर को बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण सफलता नहीं मिली. सूचना मिलने पर कैमूर जिले के करमचट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. करमचट थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. स्थानीय गोताखोरों की मदद से नहर में खोजबीन शुरू करायी गयी, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी रोहित का पता नहीं चल सका.

SDRF ने संभाला सर्च ऑपरेशन

किशोर की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को दुर्गावती जलाशय बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद मुख्य नहर में सघन तलाशी अभियान शुरू किया. जवानों ने पानी के भीतर संभावित स्थानों पर खोजबीन की. तेज धार, अधिक गहराई और भंवर के कारण अभियान में काफी परेशानी आ रही है. एसडीआरएफ की टीम पानी के बहाव की दिशा को ध्यान में रखते हुए नहर के अलग-अलग हिस्सों में तलाश कर रही है.

नहर के किनारे और आसपास के संभावित स्थानों को भी खंगाला जा रहा है. शनिवार शाम चार बजे तक लगातार अभियान चलाने के बावजूद रोहित का कोई सुराग नहीं मिल सका था. टीम ने तलाशी अभियान जारी रखा है.

चेनारी थानाध्यक्ष ने भी लिया जायजा

घटना की सूचना मिलने के बाद चेनारी थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली. थानाध्यक्ष ने बताया कि रोहित कुमार के नहर में डूबने की सूचना मिलते ही चेनारी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंची. घटनास्थल कैमूर जिले की सीमा में होने के कारण कैमूर पुलिस के साथ समन्वय बनाकर खोजबीन की जा रही है.

उन्होंने बताया कि स्थानीय गोताखोरों के बाद अब एसडीआरएफ की टीम भी किशोर की तलाश में जुटी है. पानी का बहाव तेज होने के कारण सर्च अभियान में परेशानी आ रही है, लेकिन किशोर की तलाश लगातार जारी है.

बेटे के इंतजार में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

रोहित के नहर में डूबने की सूचना मिलते ही लोहरा गांव स्थित उसके परिजनों में कोहराम मच गया. परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और बेटे के सकुशल मिलने की उम्मीद में लगातार तलाश का इंतजार करते रहे. घटना के बाद जलाशय क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी रही. खबर लिखे जाने तक रोहित कुमार का पता नहीं चल पाया था. पुलिस, स्थानीय गोताखोर और एसडीआरएफ की टीम द्वारा उसकी तलाश जारी थी.

. | Prabhat Khabar Network
. | Prabhat Khabar Network


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >