सारण में धूमधाम से मनी विश्वकर्मा पूजा, रेलवे के विभिन्न विभागों में गूंजे जयकारे

भगवान विश्वकर्मा की पूजा गुरुवार को पूरे सारण जिले में धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई गई. छपरा जंक्शन समेत विभिन्न रेलवे स्टेशनों, कारखानों और वाहन स्टैंड में विशेष आयोजन हुए. श्रमिकों ने अपने औजारों की पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की.

Saran News : आदि शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की पूजा गुरुवार को पूरे सारण जिले में धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनायी गयी. छपरा जंक्शन समेत जिले के विभिन्न रेलवे स्टेशनों, कल-कारखानों, वर्कशॉप, प्रतिष्ठानों और वाहन स्टैंड में भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गयी. सुबह से ही पूजा-पाठ को लेकर उत्साह का माहौल रहा. श्रमिकों और कर्मचारियों ने मशीनों, औजारों और वाहनों की साफ-सफाई कर पूजा की और सुख-समृद्धि की कामना की.

छपरा जंक्शन के विभिन्न विभागों में हुई पूजा

छपरा जंक्शन परिसर में क्रू सेल, कैरेज विभाग, डाउन यार्ड, प्लांट डिपो, इलेक्ट्रिक शेड और सिग्नल विभाग समेत अन्य स्थानों पर भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित की गयी. कर्मचारियों ने मशीनों, औजारों और इंजन के पार्ट्स की साफ-सफाई कर उन्हें तिलक लगाया. सीनियर सेक्शन इंजीनियरों की मौजूदगी में मंत्रोच्चार के साथ हवन और पूजन किया गया.

रेल कर्मचारियों ने कहा कि विश्वकर्मा पूजा श्रम, हुनर और तकनीक के सम्मान का पर्व है. पूजा को लेकर रेलवे परिसर को फूल-मालाओं और झालरों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था. पूजा संपन्न होने के बाद विभिन्न विभागों में प्रसाद का वितरण किया गया और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं.

टीआरडी विभाग में बनाया गया आकर्षक पंडाल

छपरा जंक्शन के टीआरडी विभाग में विश्वकर्मा पूजा को लेकर विशेष तैयारी की गयी थी. यहां भगवान विश्वकर्मा की भव्य प्रतिमा के साथ आकर्षक पंडाल तैयार किया गया था. सहायक अभियंता शिशिर श्रीवास्तव, लवकुश कुमार, राजेश कुमार, विकास कुमार, एसएससी चंदन कुमार और विजय कुमार यादव समेत अन्य कर्मचारियों ने पूजा में हिस्सा लिया.

कर्मचारियों ने बताया कि हर वर्ष पूजा में कुछ नया करने का प्रयास किया जाता है. इस बार भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा के पीछे श्वेत कमल के फूल की आकर्षक सजावट की गयी थी, जो लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी रही.

छपरा कचहरी समेत अन्य स्टेशनों पर भी हुई पूजा

छपरा कचहरी स्टेशन और जिले के अन्य रेलवे स्टेशनों पर भी भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया. रेलवे के विभिन्न विभागों में अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक साथ पूजा कर कामकाज में सफलता और समृद्धि की कामना की.

कल-कारखानों और वर्कशॉप में भी रही रौनक

विश्वकर्मा पूजा को लेकर पूरे जिले के छोटे-बड़े कल-कारखानों, वर्कशॉप और प्रतिष्ठानों में सुबह से ही पूजा-पाठ का दौर चलता रहा. मशीनों और औजारों को सजाया गया. श्रमिकों और कारीगरों ने अपने काम में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों की पूजा कर अपने हुनर को नमन किया. कई स्थानों पर भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया.

वाहन स्टैंड में सजी आकर्षक झांकी

छपरा शहर स्थित वाहन स्टैंड में भी भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर आकर्षक झांकी सजायी गयी. ऑटो, टेंपो और ई-रिक्शा चालकों ने अपने वाहनों को धो-पोंछकर पूजा की और सुरक्षित यात्रा की कामना की. वाहन स्टैंड को गुब्बारों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया था. शाम तक श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए झांकी खुली रही.

शिल्प और तकनीक से जुड़े लोगों के आराध्य हैं विश्वकर्मा

पौराणिक मान्यता के अनुसार भगवान विश्वकर्मा को देवताओं के शिल्पकार और निर्माणकर्ता के रूप में पूजा जाता है. मान्यता है कि उन्होंने देवताओं के अस्त्र-शस्त्र और अनेक नगरों का निर्माण किया था. इसी वजह से शिल्प, निर्माण, मशीनरी और तकनीक से जुड़े लोग भगवान विश्वकर्मा को अपना आराध्य मानते हैं और विश्वकर्मा पूजा के दिन अपने औजारों और मशीनों की विशेष पूजा करते हैं.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय भारद्वाज

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >