आदर्श मध्य विद्यालय खैरा में पढ़ने गये दो छात्र लापता, जांच में जुटी पुलिस

खैरा थाना क्षेत्र के हरे राम के टोला गांव से पढ़ने के लिए आदर्श मध्य विद्यालय खैरा गये छठवीं कक्षा के दो नाबालिग छात्र सोमवार को लंच के बाद लापता हो गये.

नगरा. खैरा थाना क्षेत्र के हरे राम के टोला गांव से पढ़ने के लिए आदर्श मध्य विद्यालय खैरा गये छठवीं कक्षा के दो नाबालिग छात्र सोमवार को लंच के बाद लापता हो गये. देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गयी. काफी खोजबीन के बाद जब दोनों छात्रों का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने खैरा थाना पहुंचकर लिखित आवेदन देते हुए गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज करायी.

मिली जानकारी के अनुसार हरे राम के टोला निवासी हरिशंकर प्रसाद का पोता अमन कुमार व उसी गांव निवासी अजय राय का पुत्र अंकित कुमार सोमवार को रोज की तरह आदर्श मध्य विद्यालय खैरा पढ़ने के लिए घर से निकले थे. विद्यालय में उपस्थिति दर्ज होने के बाद लंच बाद के बाद दोनों छात्र निकले लेकिन देर शाम तक घर नहीं पहुंचे. परिजनों ने पहले आसपास के रिश्तेदारों व परिचितों के यहां खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर थाना का सहारा लेना पड़ा. परिजनों द्वारा दिये गये आवेदन के आधार पर खैरा थाना में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. मामले को गंभीरता से लेते हुए खैरा प्रभारी थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार स्वयं पुलिस टीम के साथ जांच में जुट गये हैं. प्रभारी थानाध्यक्ष ने विद्यालय पहुंचकर एचएम व शिक्षकों से पूछताछ की तथा दोनों छात्रों के सहपाठियों से भी जानकारी ली. पुलिस द्वारा सहपाठियों से मिली जानकारी के आधार पर संभावित स्थानों पर जांच की जा रही है.

इसी क्रम में पुलिस टीम ने खैरा रेलवे स्टेशन सहित आसपास के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर गहन पूछताछ एवं जांच-पड़ताल की. थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है और जल्द ही दोनों छात्रों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. इधर आदर्श मध्य विद्यालय खैरा के एचएम नूरुल होदा अंसारी ने बताया कि दोनों छात्र विद्यालय पढ़ने आए थे, लेकिन लंच टाइम के बाद से दोनों छात्र विद्यालय परिसर में नहीं दिखे. विद्यालय प्रबंधन की ओर से भी छात्रों की खोजबीन में प्रशासन का सहयोग किया जा रहा है. मामले की गंभीरता को देखते हुए खैरा थाना प्रभारी ने साइबर सेनानी ग्रुप सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी दोनों छात्रों की गुमशुदगी की सूचना साझा कर आम लोगों से सहयोग की अपील की है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी को दोनों छात्रों के बारे में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत खैरा थाना को सूचित करें. इस घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने भी पुलिस प्रशासन से दोनों छात्रों को जल्द से जल्द बरामद करने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ALOK KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >