बगीचे में लूट की योजना बनाते दो अपराधी हथियार के साथ गिरफ्तार

मांझी थाना पुलिस ने गुरुवार की रात ज्ञानी छपरा के पश्चिम बगीचे में लूट की योजना बना रहे दो अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीन अन्य पुलिस को चकमा देकर फरार हो गये.

मांझी. मांझी थाना पुलिस ने गुरुवार की रात ज्ञानी छपरा के पश्चिम बगीचे में लूट की योजना बना रहे दो अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीन अन्य पुलिस को चकमा देकर फरार हो गये. फरार अपराधियों की पहचान कर ली गयी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए सीवान व गोपालगंज जिले के सीमावर्ती इलाकों में छापेमारी की जा रही है. गिरफ्तार अपराधियों की पहचान सीवान जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामगढ़ गांव निवासी बागेश्वर नाथ पांडेय के पुत्र रजनीश पांडेय व जितेंद्र प्रसाद के पुत्र प्रियांशु कुमार के रूप में हुई है.

गुप्त सूचना पर की गयी कार्रवाई

थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि गुरुवार की देर शाम वे पुलिस बल के साथ महम्मदपुर बाजार में गश्त पर थे. इसी दौरान सूचना मिली कि ज्ञानी छपरा के पश्चिम बगीचे में एक कार खड़ी कर कुछ अपराधी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि एक कार के समीप करीब पांच अपराधी गोल बनाकर खड़े हैं. पुलिस को देखते ही सभी भागने लगे. पीछा करने पर दो अपराधियों को पकड़ लिया गया, जबकि तीन अन्य फरार हो गये. गिरफ्तार दोनों अपराधियों की तलाशी लेने पर एक के पास से एक कट्टा, तीन कारतूस और एक मोबाइल बरामद किया गया. दूसरे के पास से एक देसी पिस्टल, दो कारतूस और दो मोबाइल बरामद हुए. तलाशी के दौरान जब्त अल्टो कार से एक एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया. इस संबंध में थानाध्यक्ष विनोद कुमार के लिखित बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. छापेमारी दल में थानाध्यक्ष के अलावा पुअनि रश्मि कुमारी तथा जिला शस्त्र बल के जवान शामिल थे.

महम्मदपुर ज्वेलरी लूट कांड में संलिप्तता स्वीकार की

पुलिस ने गिरफ्तार दोनों अपराधियों से आठ फरवरी को महम्मदपुर में हुई लूट के संबंध में पूछताछ की. पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि फरार तीन अपराधियों और एक अन्य साथी के साथ मिलकर उन्होंने दिनदहाड़े हथियार के बल पर गुप्ता ज्वेलर्स में लूट की घटना को अंजाम दिया था. दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने लूट में शामिल चांदी के गहने बरामद किये हैं. बरामद गहनों की पहचान गुप्ता ज्वेलर्स के मालिक ब्रिज बिहारी लाल गुप्ता ने की है. पुलिस फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Alok kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >