Saran News: जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग (NH 331) पर शुक्रवार की शाम करीब चार बजे दो बाइकों के बीच हुई भीषण आमने-सामने की टक्कर में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा बनियापुर मुख्य बाजार के समीप स्थित गंडक कॉलोनी के ठीक सामने हुआ.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बाइकों की रफ्तार काफी तेज थी. एक बाइक सवार बनियापुर बाजार की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा सवार विपरीत दिशा यानी बनियापुर की तरफ से आ रहा था. गंडक कॉलोनी के पास दोनों वाहनों में सीधी और जोरदार भिड़ंत हो गई, जिससे दोनों चालक सड़क पर दूर जा गिरे और लहूलुहान हो गए.
रेफरल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छपरा रेफर
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र/रेफरल अस्पताल बनियापुर पहुंचाया गया. घायलों की पहचान बनियापुर थाना क्षेत्र के सरेया गांव निवासी नागेश्वर राम के पुत्र अभय कुमार राम (21 वर्ष) तथा चेतन छपरा निवासी मोतीलाल शर्मा के पुत्र मुकेश शर्मा (27 वर्ष) के रूप में हुई है.
अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. एमएम जाफरी ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया. हालांकि, अभय कुमार राम की स्थिति अत्यंत नाजुक होने और दोनों के शरीर पर गंभीर चोटों को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया गया.
सड़क पर लगा लंबा जाम, पुलिस ने बहाल कराया आवागमन
हादसे के बाद घटनास्थल पर सैकड़ों स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके कारण एनएच 331 पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई. सूचना मिलते ही बनियापुर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को सड़क से हटवाकर किनारे कराया. इसके बाद पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद यातायात को सुचारू कराया.
