चैनपुर-खराटी में हादसा: करंट की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत, पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेजा गया शव

तरैया थाना क्षेत्र के चैनपुर-खराटी गांव में बिजली का करंट लगने से 43 वर्षीय इंद्रप्रताप सिंह उर्फ राजन सिंह की मौत हो गई. सुबह पानी वाले मोटर के संपर्क में आने से यह हादसा हुआ. घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में गहरा दुख है.

तरैया थाना क्षेत्र के चैनपुर-खराटी गांव में बिजली करंट की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी. मृतक की पहचान गांव निवासी राम व्यास सिंह के 43 वर्षीय पुत्र इंद्रप्रताप सिंह उर्फ राजन सिंह के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है.

पानी वाले मोटर से लगा करंट

जानकारी के अनुसार, राजन सिंह सुबह अपने घर के आगे लगे पानी के मोटर के संपर्क में आ गये. इसी दौरान उन्हें बिजली का करंट लग गया और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े. घटना की जानकारी मिलते ही उनके भाई और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे. आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए रेफरल अस्पताल तरैया ले जाया गया.

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

रेफरल अस्पताल तरैया में चिकित्सकों ने जांच के बाद राजन सिंह को मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलने पर तरैया थानाध्यक्ष सत्यम प्रताप मौके पर पहुंचे. पुलिस ने मामले की छानबीन करने के बाद शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस आगे की प्रक्रिया में जुटी है.

धार्मिक और सामाजिक कार्यों में लेते थे बढ़-चढ़कर हिस्सा

राजन सिंह धार्मिक और सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे. उनके आकस्मिक निधन की खबर से गांव के लोग काफी दुखी हैं. ग्रामीणों के अनुसार, सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहने के कारण वह लोगों के बीच काफी मिलनसार थे. उनकी मौत से गांव में शोक की लहर है.

तीन भाइयों में मंझले थे राजन सिंह

राजन सिंह तीन भाइयों में मंझले थे. उनके बड़े भाई भानु प्रताप सिंह रांची में रहते हैं और उनका घर भी रांची में है. राजन सिंह की पत्नी नीतू सिंह, 21 वर्षीय पुत्री निधि सिंह, 19 वर्षीय पुत्री साक्षी सिंह और 13 वर्षीय पुत्र यश प्रताप घटना की सूचना मिलने के बाद अपने बड़े पिता भानु प्रताप सिंह और अन्य परिजनों के साथ रांची से पैतृक आवास चैनपुर-खराटी के लिए रवाना हो गये.

वृद्ध मां और छोटे भाई का रो-रोकर बुरा हाल

राजन सिंह अपने छोटे भाई भीष्म नारायण सिंह और वृद्ध मां कलावती देवी के साथ पैतृक घर में रहते थे. घटना के बाद वृद्ध मां और छोटे भाई का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया.

जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने दी सांत्वना

घटना की सूचना मिलने के बाद तरैया प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि धनवीर कुमार सिंह विक्कू, सरपंच प्रतिनिधि शत्रुध्न महतो, पीडीएस दुकानदार रणधीर सिंह, समाजसेवी राजकुमार सिंह कुशवाहा और रमेश कुमार सिंह उर्फ पिंटू सिंह समेत अन्य लोग मृतक के घर पहुंचे. सभी ने परिजनों को सांत्वना दी और इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े रहने की बात कही.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनोज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >