Kanwar Yatra: रविवार की सुबह करीब 10 बजे तरैया बाजार बोलबम और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा. गोपालगंज जिले के कतालपुर बाजार स्टेशन के समीप स्थित प्रसिद्ध सिंगासनी धाम में तीसरी सोमवारी को जलाभिषेक करने के लिए सैकड़ों कांवरियों की टोली पवित्र गंगाजल लेकर तरैया बाजार के रास्ते से गुजरी.
गेरुआ वस्त्र में कांवर लेकर निकले श्रद्धालु
कांवरियों की टोली में महिलाएं, युवतियां, पुरुष और छोटे-छोटे बच्चे भी शामिल थे. सभी गेरुआ वस्त्र धारण कर कांवर में पवित्र गंगाजल लेकर बोलबम के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे. कांवरियों के जयकारों से पूरा बाजार भक्तिमय हो गया.
रविवार को चिलचिलाती धूप के बीच कांवरिये नंगे पांव गर्म सड़क पर यात्रा करते नजर आये. कई कांवरियों के पैरों में छाले भी पड़ गये थे. कांवरियों की परेशानी को देखते हुए स्थानीय लोगों ने उनके पैरों पर पानी डालकर राहत पहुंचाने का प्रयास किया.
डीजे की धुन पर थिरकते नजर आये कांवरिये
कांवर यात्रा के दौरान कुछ युवक और युवतियां डीजे की धुन पर नाचते-गाते और थिरकते हुए आगे बढ़ रहे थे. यात्रा को देखने के लिए बाजार में जगह-जगह लोगों की भीड़ जुटती रही.
डोरीगंज से गंगाजल लेकर सिंगासनी धाम के लिए निकले
सिंगासनी धाम बजरंग कांवरिया संघ के व्यवस्थापक मनीष कुमार सिंह ने बताया कि कई वर्षों से श्रद्धालुओं की कांवर यात्रा गोपालगंज के कतालपुर से शुरू होती है. कांवरिये सारण जिले के डोरीगंज पहुंचकर पवित्र गंगाजल लेते हैं और वहां से पैदल कतालपुर स्थित सिंगासनी धाम पहुंचकर बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करते हैं.
उन्होंने बताया कि 14 अगस्त 2026 को कांवरियों की टोली डोरीगंज के लिए रवाना हुई थी. इसके बाद पवित्र गंगाजल लेकर कांवरिये पैदल यात्रा करते हुए तरैया के रास्ते गोपालगंज के कतालपुर स्थित सिंगासनी धाम पहुंचेंगे और तीसरी सोमवारी को बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे.
15 लीटर गंगाजल लेकर चला कांवरिया आकर्षण का केंद्र
कांवर यात्रा में ट्रैक्टर-ट्रॉली पर डीजे बजता हुआ आगे चल रहा था. उसके आगे एक श्रद्धालु कांवरिया कांवर में 15-15 लीटर गंगाजल लेकर यात्रा कर रहा था. उसे देखने के लिए रास्ते में श्रद्धालुओं की भीड़ जुट रही थी. कांवरियों के जयकारों और भक्ति गीतों से यात्रा मार्ग का माहौल पूरी तरह शिवमय बना रहा.
इसे भी पढ़ें: सीवान जेल में बंद कैदी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, सांस लेने में तकलीफ के बाद अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
