Diamond Volleyball Night Tournament: तरैया प्रखंड के शाहनेवाजपुर स्थित शिव मंदिर परिसर के खेल मैदान में चल रहे डायमंड वॉलीबॉल नाइट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला मंगलवार की रात तरैया और ढोलाही की टीम के बीच खेला गया. रोमांचक मुकाबले में तरैया की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ढोलाही को छह प्वाइंट की बढ़त से हराकर चैम्पियन ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया. फाइनल मुकाबला देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और ग्रामीण देर रात तक मैदान में डटे रहे.
निर्णायक क्षणों में तरैया ने बनाया दबाव
फाइनल मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली. दोनों टीमों ने एक-दूसरे पर बढ़त बनाने के लिए लगातार प्रयास किया. मैच के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार स्मैश और डिफेंस का प्रदर्शन किया, जिस पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजायीं.
निर्णायक क्षणों में तरैया की टीम ने बेहतर तालमेल और खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए छह प्वाइंट की बढ़त हासिल की और मुकाबला अपने नाम कर लिया. मैच समाप्त होते ही तरैया टीम के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गयी. खिलाड़ियों और समर्थकों ने जीत का जश्न मनाया.
मुन्ना कुमार बने मैन ऑफ द ट्रॉफी
प्रतियोगिता के समापन पर विजेता तरैया टीम को चैम्पियन ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया. वहीं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तरैया टीम के खिलाड़ी मुन्ना कुमार को मैन ऑफ द ट्रॉफी का पुरस्कार दिया गया. उन्हें होली होम के निदेशक दीपक कुमार गुप्ता ने पुरस्कार प्रदान किया.
अनिल बिहारी की कमेंट्री ने बढ़ाया रोमांच
टूर्नामेंट के दौरान तरैया प्रखंड समेत आसपास के क्षेत्रों के क्रिकेट और वॉलीबॉल मैदानों में अपनी कमेंट्री के लिए चर्चित अनिल बिहारी ने अपनी प्रभावशाली कमेंट्री से दर्शकों का मनोरंजन किया. उनकी रोचक कमेंट्री से पूरे खेल मैदान में उत्साह का माहौल बना रहा. दर्शक लगातार खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते नजर आये.
ग्रामीण खिलाड़ियों को मंच देने का उद्देश्य
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में वॉलीबॉल खेल को बढ़ावा देना और स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है. टूर्नामेंट के सफल आयोजन से क्षेत्र के खेल प्रेमियों में भी उत्साह देखा गया.
