Taraiya Second Somwari : सावन की दूसरी सोमवारी पर सारण के तरैया में शिवभक्ति का नजारा देखने को मिला. सोमवार की अहले सुबह से ही तरैया बाजार और आसपास के शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी. भक्तों ने मथुरा धाम स्थित गंडक नदी से पवित्र जल भरकर तरैया शिव मंदिर और रामबाग रामेश्वर महादेव धाम में जलाभिषेक किया. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण तरैया-मढ़ौरा स्टेट हाइवे पर जाम की स्थिति भी बनी रही.
तरैया के शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
सावन की दूसरी सोमवारी को तरैया प्रखंड के विभिन्न गांवों और दूर-दराज के क्षेत्रों से महिला, युवती, पुरुष और नवयुवक बड़ी संख्या में मंदिरों में पहुंचे. तरैया बाजार स्थित प्रसिद्ध श्रीरामजानकी ठाकुरबाड़ी शिव मंदिर, रामबाग श्री संकट मोचन घंटी बाबा रामेश्वर महादेव धाम और शाहनेवाजपुर शिव मंदिर में सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही.
सारण की खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें
मथुरा धाम से गंगाजल लेकर पहुंचे भक्त
तरैया के श्रद्धालु पानापुर थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध तीर्थस्थल मथुरा धाम पहुंचे. वहां गंडक नदी से पवित्र जल भरकर भक्त तरैया लौटे. इसके बाद श्रद्धालुओं ने तरैया शिव मंदिर और रामबाग श्री रामेश्वर महादेव धाम में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया.
हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा तरैया बाजार
दूसरी सोमवारी पर तरैया शिव मंदिर में सुबह से ही महिला श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. मंदिर परिसर और तरैया बाजार हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजता रहा. भक्तों ने पूजा-अर्चना कर भगवान शिव से परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की.
कई किलोमीटर दूर से मंदिर पहुंचे श्रद्धालु
तरैया शिव मंदिर और रामबाग संकट मोचन घंटी बाबा मंदिर में केवल स्थानीय श्रद्धालु ही नहीं पहुंचे. पानापुर, सतजोड़़ा, मशरख, उसरी और भगवानपुर समेत करीब पांच से सात किलोमीटर दूर के ग्रामीण इलाकों से भी बड़ी संख्या में भक्त जलाभिषेक के लिए पहुंचे.
जलाभिषेक के बाद सेल्फी लेती दिखीं युवतियां
दूसरी सोमवारी पर भगवान शिव को जल अर्पित करने के बाद युवतियों में भी खास उत्साह दिखा. कई युवतियां अपनी सहेलियों के साथ मंदिर के मुख्य गेट पर सेल्फी लेती नजर आईं. मंदिर परिसर में पूजा के साथ युवाओं में उत्साह का माहौल भी देखने को मिला.
भारी भीड़ के कारण स्टेट हाइवे पर लगा जाम
तरैया शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण तरैया-मढ़ौरा स्टेट हाइवे पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई. टोटो, टेंपो और चारपहिया वाहनों से आने वाले श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या के कारण कई वाहन मंदिर परिसर के आसपास सड़क पर खड़े रहे. इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और प्रशासन को भी परेशानी का सामना करना पड़ा.
मंदिर में सुरक्षा को लेकर तैनात रहा पुलिस बल
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और गर्भगृह में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई. पुलिसकर्मियों ने भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से पूजा कराने में सहयोग किया.
इन शिवालयों में भी उमड़ी भक्तों की भीड़
तरैया शिव मंदिर के अलावा शाहनेवाजपुर शिव मंदिर, गंडार शिव मंदिर, नेवारी, नंदनपुर, गवंद्री, पचौड़र, भलुआ, पोखरेड़ा और चैनपुर के शिवालयों में भी दूसरी सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी. सुबह से ही भक्त जल, बेलपत्र और पूजा सामग्री लेकर मंदिरों में पहुंचते रहे.
Also Read : सारण : सारण की दूसरी सोमवारी पर शिवमय हुआ परसा, 101 फीट ऊंचे शिव मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
