सारण में बच्चों से शुरू हुआ स्वच्छता का पाठ, दशहरा पर पूजा पंडालों और भीड़ वाले इलाकों की होगी विशेष सफाई

छपरा नगर निगम ने 'स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026' की शुरुआत की है, जिसका लक्ष्य स्वच्छता को जनआंदोलन बनाना है. यह अभियान स्कूली बच्चों से लेकर आम नागरिकों तक जागरूकता फैलाएगा, जिसमें कचरा प्रबंधन और सफाई मित्रों के कल्याण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.

Saran News : स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देने और स्वच्छ एवं विकसित सारण के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से छपरा नगर निगम क्षेत्र में ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026’ की शुरुआत विश्वकर्मा पूजा के दिन 17 सितंबर से कर दी गयी है. केंद्र और राज्य सरकार के निर्देश पर चलने वाला यह अभियान 17 अक्टूबर तक जारी रहेगा. अभियान के दौरान स्कूली बच्चों से लेकर आम नागरिकों के बीच स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ कचरा प्रबंधन और सफाई मित्रों के कल्याण पर विशेष जोर दिया जाएगा.

बच्चों को सिखाया गया गीला और सूखा कचरा अलग रखने का तरीका

नगर निगम की ओर से शुक्रवार को ब्रजकिशोर किंडरगार्डन में विद्यार्थियों के बीच स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. बच्चों को बताया गया कि घर और आसपास निकलने वाले कचरे को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार अलग-अलग रखना चाहिए.

विद्यार्थियों को गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण के साथ कचरे के उचित निस्तारण, प्रसंस्करण और पुनर्चक्रण की जानकारी दी गयी. कार्यक्रम के दौरान बच्चों को स्वच्छता की शपथ भी दिलायी गयी. इसके अलावा ‘स्वच्छता ज्ञान यात्रा’ का आयोजन कर बच्चों को स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझायी गयी.

स्वच्छता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना

अभियान के तहत स्वच्छता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया. इसके माध्यम से शहर के विभिन्न इलाकों में लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा. नगर निगम का उद्देश्य स्वच्छता को केवल सरकारी अभियान तक सीमित रखने के बजाय इसमें नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है.

कार्यक्रम में महापौर, उप महापौर के प्रतिनिधि, उप नगर आयुक्त, स्वच्छता पदाधिकारी, सिटी मैनेजर और विद्यालय के प्राचार्य सहित शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे.

दशहरा में पूजा पंडालों के आसपास होगी विशेष सफाई

आगामी पर्व-त्योहार और दशहरा को देखते हुए नगर निगम ने विशेष सफाई की तैयारी की है. दशहरा के दौरान नगर के सभी वार्डों में नियमित सफाई के साथ पूजा पंडालों और उनके आसपास के क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. अधिक भीड़ वाले सार्वजनिक स्थलों की सफाई और व्यवस्था को बेहतर रखने के लिए भी विशेष योजना बनायी गयी है.

अभियान के दौरान स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों और भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों का कायाकल्प, ‘स्वच्छ पाठशाला-युवा फॉर स्वच्छता’, ‘सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर’ और ‘स्वच्छता से समृद्धि’ जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी. कचरे के बेहतर प्रबंधन के साथ ‘वेस्ट-टू-वेल्थ’ की अवधारणा को भी बढ़ावा दिया जाएगा.

27 सितंबर को पार्कों और विरासत स्थलों पर चलेगा अभियान

अभियान के तहत 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर जनसहभागिता से पार्कों, महापुरुषों की प्रतिमाओं, विरासत स्थलों, स्मारकों और प्राकृतिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा.

वहीं 1 अक्टूबर को ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ के तहत राष्ट्रव्यापी महा श्रमदान में जनप्रतिनिधियों, प्रमुख व्यक्तियों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है. 2 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे.

सफाई मित्रों की सुरक्षा और सम्मान पर भी फोकस

अभियान में सफाई कर्मियों के कल्याण, सुरक्षा और सम्मान को भी प्राथमिकता दी गयी है. इसके लिए ‘सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर’ आयोजित किये जाएंगे. शिविरों में सफाई कर्मियों की स्वास्थ्य जांच के साथ उन्हें आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी.

इसके साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया जाएगा. नगर निगम की योजना है कि अभियान के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को एक साथ जोड़कर शहर में स्थायी स्वच्छता व्यवस्था के प्रति लोगों को जागरूक किया जाए.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय भारद्वाज

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >