Ved Narayan High School: वेद नारायण उच्च विद्यालय, महम्दपुर गड़खा में आयोजित स्काउट-गाइड का प्रथम सोपान प्रशिक्षण शिविर उत्साह और अनुशासनपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ. शिविर में स्काउट और गाइड के विद्यार्थियों को सेवा, अनुशासन, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण गुरों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया.
स्काउटिंग-गाइडिंग की मूलभूत जानकारी दी
विद्यालय की प्राचार्या नीलू कुमारी, स्काउट मास्टर अविनाश सिन्हा और गाइड कैप्टेन आकृति रचना के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने स्काउटिंग-गाइडिंग की मूलभूत जानकारी प्राप्त की. प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को अनुशासन और टीम भावना के साथ विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया.
प्राथमिक उपचार से लेकर आपदा प्रबंधन तक का प्रशिक्षण
जिला मुख्यालय से पहुंचे प्रशिक्षक विकास कुमार और अभिषेक कुमार ने प्रतिभागियों को स्काउट-गाइड प्रतिज्ञा एवं नियम, ध्वज शिष्टाचार, मार्च-पास्ट, गांठ एवं बंधन, प्राथमिक उपचार, दिशा ज्ञान, संकेत एवं संचार की जानकारी दी. इसके अलावा विद्यार्थियों को टेंट लगाने, शिविर जीवन, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन तथा आपात स्थिति में बचाव के तरीकों का भी प्रशिक्षण दिया गया.
समाजसेवा और राष्ट्र सेवा के लिए किया प्रेरित
प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को समाजसेवा, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, आत्मअनुशासन और राष्ट्र सेवा के प्रति प्रेरित किया. प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और सीखे गये कौशल का प्रदर्शन किया.
अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित करने का प्रभावी माध्यम
विद्यालय की प्राचार्या नीलू कुमारी ने कहा कि स्काउटिंग-गाइडिंग बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और सेवा की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है. इस तरह के प्रशिक्षण से विद्यार्थियों में जिम्मेदारी की भावना और कठिन परिस्थितियों से निपटने की क्षमता विकसित होती है.
शिविर के सफल आयोजन में विद्यालय के शिक्षक महेश ठाकुर, विभु कुमार गिरि, शिक्षिका श्वेता तिवारी, दुर्गेश कुमारी, आरा प्रवीण, डॉली कुमारी समेत विद्यालय परिवार और जिला मुख्यालय की टीम का सहयोग रहा. सभी ने प्रशिक्षु स्काउट-गाइड को शुभकामनाएं दीं.
इसे भी पढ़ें: पटना: रौशन आनंद प्रदर्शनों के बीच गर्दनीबाग पहुंचे, कहा-मेरे पास आयोग का काला चिठ्ठा, BPSC-BSSC घेरेंगे
