सारण: मांझी के नंदपुर मध्य विद्यालय की छत का प्लास्टर गिरा, कार्यालय का सामान क्षतिग्रस्त

मांझी के राजकीयकृत मध्य विद्यालय नंदपुर में जर्जर भवन बच्चों और शिक्षकों के लिए खतरा बन गया है. गुरुवार रात विद्यालय के कमरे की छत से प्लास्टर का बड़ा हिस्सा गिर गया, जिससे हड़कंप मच गया. यह एक सप्ताह में छत गिरने की दूसरी घटना है, जिससे अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है.

Saran News: मांझी प्रखंड के राजकीयकृत मध्य विद्यालय नंदपुर के भवन की जर्जर स्थिति अब बच्चों और शिक्षकों के लिए खतरा बनती जा रही है. गुरुवार की रात विद्यालय के एक कमरे की छत से प्लास्टर का बड़ा हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर गया.

इस घटना में कार्यालय में रखी सामग्री, कुर्सियां सहित अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गए. घटना के बाद विद्यालय के शिक्षक और छात्र-छात्राएं दहशत में हैं.

एक सप्ताह में छत गिरने की दूसरी घटना

विद्यालय में छत गिरने की यह दूसरी घटना है. इससे पहले भी पिछले सप्ताह शनिवार को लंच के दौरान विद्यालय भवन के उसी कमरे के बरामदे की छत से प्लास्टर का बड़ा हिस्सा टूटकर गिर गया था.

इस घटना में छत के अंदर लगी लोहे की रॉड की जाली भी बाहर निकल आई थी. हालांकि उस समय बच्चे बाल-बाल बच गए थे.

जर्जर भवन में पढ़ाई करने को मजबूर छात्र

लगातार दो घटनाओं के बाद विद्यालय के शिक्षक और विद्यार्थियों में भय का माहौल है.

ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि जर्जर भवन में संसाधनों के अभाव के बीच बच्चे अपनी जान जोखिम में डालकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं. कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है.

बीईओ को पहले ही दी गई थी सूचना

विद्यालय के प्रधान शिक्षक विजय कुमार सिंह ने बताया कि जर्जर छत की स्थिति को लेकर उन्होंने पहले ही मांझी बीईओ विभा रानी को पत्र भेजकर जानकारी दी थी.

उन्होंने बताया कि विद्यालय भवन की मरम्मत नहीं होने के कारण परेशानी बढ़ती जा रही है.

मरम्मत की मांग

विद्यालय के शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जर्जर भवन की तत्काल जांच कराने और क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके.

इसे भी पढ़ें: बिहार में कई IAS अधिकारियों के विभाग बदले, धर्मेंद्र कुमार-दिवेश सेहरा को मिली बड़ी जिम्मेदारी, यहां देखें किसे क्या मिला



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat kiran himanshu

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >