सारण के तरैया में बसों के मनमाने किराये और रूट बदलने की शिकायत, कार्रवाई की मांग

तरैया प्रखंड के जेडीयू नेता प्रो. ज्वाला प्रसाद ने बिहार सरकार के सहयोग पोर्टल पर यात्री बसों द्वारा मनमाने किराये वसूलने और निर्धारित रूट से इतर परिचालन की शिकायत दर्ज कराई है. यात्रियों को हो रही असुविधा पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है.

Passenger Convenience: तरैया प्रखंड के जदयू के पूर्व अध्यक्ष सह बीसूत्री उपाध्यक्ष प्रो. ज्वाला प्रसाद ने यात्री बसों में मनमाने किराये की वसूली और परमिट के अनुसार निर्धारित रूट पर बसों का परिचालन नहीं होने की शिकायत बिहार सरकार के सहयोग पोर्टल पर दर्ज करायी है. उन्होंने सहयोग पोर्टल के अलावा बिहार सरकार के परिवहन मंत्री एवं परिवहन सचिव को भी शिकायत भेजी है.

मनमाने किराये से यात्रियों को हो रही परेशानी

दर्ज शिकायत में कहा गया है कि यात्री बसों के स्टॉप और मनमाने किराये के कारण आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. आरोप है कि कोरोना काल के दौरान किराये में हुई बढ़ोतरी के बाद भी बस संचालक अब तक उसी दर से किराया वसूल रहे हैं. वर्तमान में तरैया से पटना का किराया 200 रुपये और एसी बसों में 250 रुपये वसूले जाने की बात कही गयी है. किराये को लेकर बस के कंडक्टर यात्रियों से उलझ जाते हैं और रात में यात्रा करने वाले यात्रियों के साथ विवाद की स्थिति उत्पन्न हो जाती है.

रात में निर्धारित रूट से नहीं चलने का आरोप

प्रो. ज्वाला प्रसाद ने आरोप लगाया कि पटना से तरैया होकर जाने वाली कुछ यात्री बसें रात में मनमाने रूट से चलती हैं. उन्होंने शिकायत में कहा है कि पटना से रात में यात्रा करने वाले यात्रियों को यदि मढ़ौरा से तरैया के बीच किसी गांव में उतरना होता है तो बस संचालक उन्हें अमनौर में जबरन उतार देते हैं. इसके बाद बस अमनौर से सीधे पचौड़र के रास्ते तरैया होते हुए सीवान-गोपालगंज की ओर चली जाती है.

परमिट के अनुसार रूट पर बस चलाने की मांग

शिकायत के अनुसार बसों का परमिट पटना से परसा, सोनहो, अमनौर, मढ़ौरा, तरैया, मशरख होते हुए सीवान-गोपालगंज तक का है. आरोप है कि मढ़ौरा और तरैया के बीच के यात्रियों को बीच रास्ते में अमनौर में उतार दिया जाता है. वहीं, यदि बस में मढ़ौरा के कुछ यात्री सवार होते हैं तो बस संचालक मढ़ौरा के रास्ते तरैया की ओर जाते हैं. इस दौरान बीच के यात्रियों को अमनौर में उतारकर बस आगे चली जाती है.

बसों में किराया चार्ट लगाने की मांग

बीसूत्री उपाध्यक्ष ने बसों में निर्धारित किराये की चार्ट चिपकाने की मांग की है, ताकि यात्रियों से मनमाना किराया नहीं वसूला जा सके. साथ ही उन्होंने बसों का परिचालन परमिट में निर्धारित रूट के अनुसार कराने की मांग की है.

डीटीओ और एमवीआई से जांच की अपील

प्रो. ज्वाला प्रसाद ने सारण, सीवान और गोपालगंज के डीटीओ एवं एमवीआई से मामले की जांच कराने की मांग की है. उन्होंने निर्धारित किराये की सूची बसों में चिपकवाने और परमिट के अनुसार बसों का परिचालन सुनिश्चित कराने की मांग आम लोगों के हित में की है.

इसे भी पढ़ें: पटना: रौशन आनंद प्रदर्शनों के बीच गर्दनीबाग पहुंचे, कहा-मेरे पास आयोग का काला चिठ्ठा, BPSC-BSSC घेरेंगे


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनोज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >