Saran News: जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था के संधारण तथा अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन व बिक्री पर पूर्ण विराम लगाने के उद्देश्य से पुलिस ने व्यापक स्तर पर विशेष छापेमारी अभियान चलाया. वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) रौशन कुमार के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ चलाए गए इस सघन समकालीन अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने अलग-अलग आपराधिक मामलों में संलिप्त कुल 19 अभियुक्तों को धर दबोचा.
पुलिस द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए 19 अभियुक्तों में 8 गैर-जमानती वारंटी, हत्या के प्रयास (धारा 307) मामले के 5 आरोपी, अवैध शराब के धंधे में लिप्त 3 कारोबारी, शराब पीने के आरोप में 2 पियक्कड़ तथा चोरी के मामले में फरार चल रहा 1 शातिर अपराधी शामिल है.
327.5 लीटर शराब जब्त, दो अपहृता और बाइक भी बरामद
विशेष अभियान के दौरान मद्यनिषेध अधिनियम के तहत की गई छापेमारी में पुलिस ने कुल 327.500 लीटर अवैध शराब जब्त की. इसमें 290 लीटर देसी महुआ शराब और 37.500 लीटर विभिन्न ब्रांडों की विदेशी शराब शामिल है. इसके अलावा, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अपहृत युवतियों (अपहृता) को सकुशल बरामद कर लिया तथा अपराध में प्रयुक्त एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को भी जब्त किया है.
वाहन जांच में 17 गाड़ियों से 47,500 रुपये का जुर्माना
सड़क सुरक्षा और संदिग्धों की धरपकड़ के लिए जिले के प्रमुख चौक-चौराहों और चेक पोस्टों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया गया. यातायात नियमों का उल्लंघन करने, बिना हेलमेट-सीटबेल्ट और अधूरे कागजात पाए जाने पर कुल 17 वाहनों का चालान काटा गया, जिनसे 47,500 रुपये शमन शुल्क (जुर्माना) वसूला गया.
वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने स्पष्ट किया है कि जिले में शराब माफिया, वारंटियों और संगठित अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत यह अभियान निरंतर जारी रहेगा.
