Saran News : शहर के काशी बाजार निवासी स्वर्गीय बच्ची देवी के निधन के उपरांत उनके द्वारा किए गए नेत्रदान के पुण्य कार्य के लिए उनके परिजनों को दधीचि देहदान समिति की ओर से सम्मानित किया गया. समिति ने प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर परिवार के इस मानवीय और प्रेरणादायी निर्णय का अभिनंदन किया.
राष्ट्रीय पदाधिकारियों की मौजूदगी में हुआ सम्मान समारोह
सम्मान समारोह में दधीचि देहदान समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सिक्किम के पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद, महासचिव पद्मश्री विमल जैन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुभाष प्रसाद, सचिव आनंद प्रधान, उपाध्यक्ष अरुण सत्यमूर्ति, कार्यालय प्रभारी सूरज तथा बिहार प्रदेश से आए समिति के विभिन्न पदाधिकारी उपस्थित रहे.
स्थानीय पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को बनाया सफल
कार्यक्रम को सफल बनाने में दधीचि देहदान समिति, छपरा इकाई के संरक्षक शिक्षाविद् डॉ. हरेंद्र सिंह, संरक्षक इंजीनियर ललित कुमार सिंह, संरक्षक धर्मगुरु अरुण पुरोहित, पूर्व विधायक डॉ. सी.एन. गुप्ता, जिला अध्यक्ष संजीव चौधरी, वरीय उपाध्यक्ष राजेश मिश्रा, संयुक्त सचिव शैलेंद्र पुरी, मीडिया प्रभारी शशि शेखर सिंह कौशिक, कोषाध्यक्ष सतीश कुमार, सदस्य अमोद सहाय, मंतोष मिश्रा, प्रवीण ओबेरॉय तथा समिति के अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
नेत्रदान, अंगदान और देहदान को बताया सबसे बड़ा दान
संरक्षक डॉ. हरेंद्र सिंह ने कहा कि नेत्रदान, अंगदान और देहदान से बड़ा कोई दान नहीं है. उन्होंने बताया कि वे स्वयं भी अपना संपूर्ण देहदान संकल्पित कर चुके हैं. उन्होंने समाज के प्रत्येक व्यक्ति से इस पुनीत अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक लोगों को जीवनदान देने में सहयोग करने की अपील की.
जनजागरूकता अभियान में शामिल होंगी गायिका स्वाति मिश्रा
वरीय उपाध्यक्ष राजेश मिश्रा ने कहा कि आने वाले समय में जिला स्तर पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा. उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त गायिका स्वाति मिश्रा भी इस अभियान से जुड़कर लोगों को नेत्रदान, अंगदान और देहदान के प्रति जागरूक करेंगी.
पांच वर्षों से चला रही है जागरूकता मुहिम
जिला अध्यक्ष संजीव चौधरी ने बताया कि समिति पिछले पांच वर्षों से लगातार जनजागरूकता अभियान चला रही है. उनकी टीम गांव-गांव और शहर-शहर जाकर लोगों को नेत्रदान, अंगदान और देहदान के महत्व के बारे में जागरूक कर रही है.
सारण की पहली नेत्रदानी महिला बनीं स्व. बच्ची देवी
संजीव चौधरी ने कहा कि सारण जिले के लिए यह गर्व की बात है कि स्वर्गीय बच्ची देवी जिले की पहली नेत्रदानी महिला बनीं. वह सामाजिक कार्यकर्ता धर्मनाथ पिंटू की माता तथा छपरा की उपमहापौर रागिनी देवी की सास थीं. उनके इस प्रेरणादायी निर्णय ने समाज के सामने मानवता और सेवा की एक नई मिसाल प्रस्तुत की है.
